New Delhi News (22 November 2025): आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली के सभी सीएम श्री स्कूलों पर दोबारा डॉ. बाबा साहब अंबेडकर स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बोर्ड लगाए जाएंगे। कोंडली से विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा सरकार ने इन उत्कृष्ट सरकारी स्कूलों से बाबा साहब का नाम हटाकर दलित समाज और संविधान निर्माता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ इस अपमान का जोरदार जवाब देगी और जिन-जिन स्कूलों से अंबेडकर का नाम हटाया गया है, वहां फिर से वही बोर्ड लगाए जाएंगे।
कुलदीप कुमार ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के 69 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को बाबा साहब के नाम पर समर्पित किया था, ताकि हर बच्चा गर्व महसूस कर सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही ‘सीएम श्री’ नाम का बोर्ड लगाकर बाबा साहब की विरासत से छेड़छाड़ की है। उन्होंने रोहिणी के एक स्कूल की तस्वीर दिखाकर आरोप लगाया कि वहां भी अंबेडकर का नाम हटाकर नया बोर्ड लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने भारत के संविधान की रचना की, हर नागरिक को समानता और मौलिक अधिकार दिए, 32 डिग्रियां हासिल कीं और नौ भाषाओं का ज्ञान प्राप्त किया। इतना ही नहीं, दुनिया भर में उनकी प्रतिमाएं स्थापित हैं—अमेरिका में 19 फुट ऊंची स्टैच्यू ऑफ इक्वालिटी, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कांस्य प्रतिमा, LSE में स्थापित प्रतिमा—जो उनके वैश्विक सम्मान का प्रमाण है। लेकिन दिल्ली की भाजपा सरकार नौ महीने के भीतर ही उनके नाम को मिटाने में जुट गई है।
कुलदीप कुमार ने भाजपा पर दलित समाज के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से लेकर दिल्ली सरकार तक, हर स्तर पर बाबा साहब के योगदान को कमतर दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने सरकारी दफ्तरों से अंबेडकर की तस्वीरें हटवाईं और अब स्कूलों से उनका नाम मिटाया जा रहा है।
‘‘क्या दिल्ली की मुख्यमंत्री खुद को बाबा साहब से बड़ा मानती हैं?’’—यह सवाल उठाते हुए कुलदीप कुमार ने कहा कि 32 डिग्रियों वाले संविधान निर्माता की तुलना किसी मुख्यमंत्री से करना घोर अपमान है। उन्होंने भाजपा को ‘‘चाची 420 सरकार’’ बताते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जो 400 सीटें आने पर संविधान बदलने की बात करती थी।
उन्होंने बताया कि दस दिन पहले खिचड़ीपुर स्कूल में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब का नाम फिर से स्थापित किया था और अब पूरे शहर में यह अभियान चलाया जाएगा। 26 नवंबर को सभी स्कूलों से ‘सीएम श्री’ बोर्ड हटाकर पुनः डॉ. बाबा साहब अंबेडकर स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बोर्ड लगाए जाएंगे।
अंत में उन्होंने देशभर के दलित समाज और बाबा साहब के अनुयायियों से अपील की कि भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे इस ‘अपमान’ के खिलाफ आवाज उठाएं और संविधान निर्माता की विरासत की रक्षा करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।