ग्रेटर नोएडा में यूपी ATS की फिर से बड़ी कार्रवाई, महत्वपूर्ण सुराग बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (19/11/2025): टेरर फंडिंग से जुड़े संवेदनशील मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश एटीएस ने मंगलवार को कासना थाना क्षेत्र स्थित इस्तांबुल इंटरनेशनल कंपनी पर दोबारा छापा मारा। टीम ने परिसर में करीब घंटेभर तक सघन तलाशी अभियान चलाया और जांच से जुड़े कई अहम रिकॉर्ड, डिजिटल सामग्री और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी पूरी तरह गुप्त रूप से की गई थी। स्थानीय पुलिस को भी पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई, ताकि जांच से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर असर न पड़े और किसी तरह की जानकारी लीक होने की आशंका न रहे।
गौरतलब है कि एटीएस ने 7 नवंबर को इसी कंपनी से फरहान नबी सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि उसकी प्रिंटिंग प्रेस के माध्यम से लगातार ऐसी किताबें छापी जा रही थीं, जिनकी सामग्री सामाजिक और धार्मिक माहौल को भड़काने वाली थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि इन विवादित किताबों को बाहर भेजने के लिए कंपनी आयुर्वेदिक उत्पादों और आरओ इक्विपमेंट का इस्तेमाल कवर के तौर पर करती थी, ताकि किसी को संदेह न हो। फरहान की गिरफ्तारी के बाद से एटीएस कंपनी की गतिविधियों और इसके आर्थिक लेन-देन पर लगातार नजर बनाए हुए है।
दस्तावेज़ और रिकॉर्ड खंगाले गए
मंगलवार को की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने—
कंपनी के वित्तीय दस्तावेज,
कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड,
उत्पादन सामग्री,
और प्रिंटिंग से संबंधित डिजिटल आर्काइव
की गहराई से जांच की। यह भी पता लगाया जा रहा है कि भड़काऊ साहित्य के प्रकाशन और वितरण में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा यह नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया, जिससे पिछले कुछ हफ्तों में कंपनी में आने-जाने वालों की गतिविधियों की अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
एटीएस अधिकारियों का मानना है कि कंपनी से बरामद नए साक्ष्य मामले के नेटवर्क का दायरा और बड़ा कर सकते हैं। यह संभावना भी जांच में शामिल है कि कंपनी का इस्तेमाल लंबे समय से किसी संगठित मॉड्यूल द्वारा किया जा रहा था। फिलहाल एटीएस टीम बरामद सामग्री का तकनीकी और फोरेंसिक विश्लेषण कर रही है, जिसके आधार पर आगे और गिरफ्तारियाँ या छापेमारियां संभव हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।