अयोध्या में पीएम मोदी फहराएंगे श्रीराम मंदिर के मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Ayodhya News (13 नवंबर 2025): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है। पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं, और अब 25 नवंबर को विश्व इतिहास का एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के 161 फीट ऊंचे मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे।

यह ऐतिहासिक क्षण होगा जब मंदिर के सातों शिखर पहली बार भगवा ध्वज से सुशोभित होंगे। मुख्य शिखर के ठीक नीचे विराजमान रामलला की दृष्टि जैसे ही ध्वज पर पड़ेगी, तो यह दृश्य एक अलौकिक अध्याय बनकर करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की स्मृतियों में सदैव अंकित हो जाएगा।

योगी सरकार ने इस ध्वजारोहण समारोह को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री स्वयं तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी कई दिनों से अयोध्या में डेरा डाले हुए हैं। तैयारियों की हर पल की जानकारी सीधे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जा रही है।

25 नवंबर को होने वाले इस आयोजन का सीधा प्रसारण दूरदर्शन सहित सभी प्रमुख न्यूज चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में 200 फीट चौड़ी विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही, अयोध्या के प्रमुख चौराहों—रामपथ तिराहा, सहादतगंज, टेढ़ी बाजार, नयाघाट पुल, रिकाबगंज, लता मंगेशकर चौक, सुग्रीव किला और राम की पैड़ी सहित 30 से अधिक स्थलों—पर बड़ी-बड़ी स्क्रीनें लगाई जा रही हैं, ताकि लाखों श्रद्धालु प्रधानमंत्री को मंदिर शिखर पर ध्वज फहराते हुए लाइव देख सकें।

इस अवसर पर अयोध्या दीपावली से भी अधिक जगमगाएगी। राम मंदिर परिसर को विशेष रोशनी से नहलाया जाएगा। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिखर पर ध्वज फहराएंगे, पूरा शहर फूलों की मालाओं, रंग-बिरंगी लाइटों और भगवा ध्वजों से सजा नजर आएगा। हर चौराहे पर सुनहरे अक्षरों में ‘जय श्री राम’ लिखे तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं।

21 से 25 नवंबर तक चलने वाले अनुष्ठानों के दौरान पूरे नगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरेगी। दीपोत्सव और प्राण प्रतिष्ठा की तर्ज पर प्रमुख चौराहों और स्थलों पर रामकथा, नृत्य, भजन और लोक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग इस आयोजन को भक्तिमय बनाने में जुटा है।

उधर, नगर निगम की टीमें साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण में पूरी तत्परता से लगी हैं। प्रमुख मार्गों की मरम्मत, घाटों पर रंग-रोगन, पौधारोपण और फूलों की सजावट की जा रही है। सरयू तट को स्वर्णिम रूप दिया जा रहा है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार, अयोध्या को “प्राण प्रतिष्ठा समारोह” की तर्ज पर सजाया जा रहा है ताकि आने वाले लाखों श्रद्धालु इसकी भव्यता देखकर अभिभूत हो उठें।

यह आयोजन केवल ध्वजारोहण नहीं, बल्कि रामनगरी की नई पहचान का प्रतीक होगा। जब भगवा ध्वज श्रीराम मंदिर के शिखर पर लहराएगा, तब पूरा देश उस पावन क्षण का साक्षी बनेगा—एक ऐसा क्षण जिसे युगों-युगों तक स्मरण किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।