दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ स्तर पर, इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन में कई लोग हिरासत में

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 November 2025): दिल्ली की हवा एक बार फिर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। रविवार शाम को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अधिकांश इलाकों में 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी का स्तर है। इस खतरनाक प्रदूषण ने राजधानी को गैस चैंबर में बदल दिया है, जिससे लोगों को सांस लेने, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिगड़ते हालात से परेशान नागरिकों ने रविवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया और सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने इंडिया गेट की ओर मार्च निकालते हुए कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए अब प्रतीकात्मक नहीं बल्कि असरदार नीतियों की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर केवल दिखावे की कार्रवाई कर रही है। दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को रोका और बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार इंडिया गेट प्रदर्शन स्थल नहीं है। पुलिस ने कहा कि जंतर मंतर ही राजधानी में प्रदर्शन के लिए अधिकृत स्थल है, इसलिए प्रदर्शनकारियों को वहां जाने की सलाह दी गई। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि दिल्ली की हवा अब “जीवन के लिए खतरा” बन चुकी है। उन्होंने बताया कि AQI लगातार 300 से ऊपर बना हुआ है और अब यह 400 के पार जा रहा है, जिससे अस्थमा, खांसी और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। लोगों ने नाराजगी जताई कि प्रदूषण से रोजाना जानें जा रही हैं, लेकिन सरकार अब भी कोई दीर्घकालिक नीति नहीं बना पा रही। नागरिकों ने यह भी कहा कि सरकार कृत्रिम बारिश या पानी छिड़कने जैसे अस्थायी उपायों पर निर्भर है, जबकि ज़रूरत सख्त औद्योगिक नियंत्रण, वाहन उत्सर्जन प्रबंधन और हरित क्षेत्र बढ़ाने की है।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार और जनता के बीच भरोसे की कमी को दर्शाती है। भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि जब भी हवा की गुणवत्ता सबसे खराब होती है, तब AQI डेटा सार्वजनिक करना बंद कर दिया जाता है। उनके मुताबिक, “जब प्रदूषण अपने चरम पर होता है, तब डेटा में जानबूझकर हेराफेरी की जाती है ताकि असली स्थिति जनता के सामने न आए।” उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब बुद्धिजीवी वर्ग और आम नागरिक इतने बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरकर साफ हवा के लिए आवाज उठा रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।