नोएडा में सर्वधर्म संसद: “गौरक्षा, सद्भावना एवं विश्वकल्याण” का दिया पावन संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (9 नवम्बर, 2025): श्री अय्यप्पा मंदिर, सबरी सांस्कृतिक केन्द्र, सी-47 सेक्टर-62 नोएडा के पावन प्रांगण में शुक्रवार को अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में “सर्वधर्म समभाव, गौ संरक्षण एवं आध्यात्मिक एकता” को समर्पित भव्य सर्वधर्म संसद का आयोजन दिव्यता एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन का ध्येय वाक्य रहा, “धर्मो रक्षति रक्षितः, गौ रक्षा सर्वश्रेष्ठ तप:, सर्वधर्म एकता ही विश्वकल्याण का सेतु है।”
इस आध्यात्मिक पर्व का शुभारंभ सुरभि गोपूजन, सुरभि गौ प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वेद मंत्रों की मधुर ध्वनि और पावन अग्निहोत्र के बीच सभी धर्माचार्य, संत-महात्मा, मौलाना, आचार्य एवं धार्मिक आस्थावान जनों ने एक स्वर में “सर्वधर्म एकता, विश्व शांति एवं गौरक्षा” का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन गौ-रक्षा आंदोलन के प्रणेता स्वामी कृपातरी जी महाराज की पुण्य स्मृति तथा ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि के आविर्भाव दिवस के पावन अवसर पर किया गया। इस अवसर पर महर्षि भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज जी (सनातन धर्म) , श्री महंत बलराम भारती जी (सनातन धर्म) , आचार्य श्री विवेक मुनि जी महाराज (जैन धर्म) , स्वामी वीर सिंह हितकारी जी महाराज (रविदास) , मौलाना ए. आर. शाहीन कासमी (इस्लाम) , स. सुरजीत सिंह आज़ाद (सिख) , रेव. फादर सेबेस्टियन कोली (ईसाई) , आचार्य येशी फुन्तसोक (बौद्ध) , डॉ. ए. के. मर्चेंट (बहाय), स्वामी शिवनाथ जी महाराज (रविदास) , मरजबान नरीमन जैवाला (पारसी ) सहित अनेक धर्माचार्य एवं विद्वान पधारे।
सभी धर्मगुरुओं ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि ,“धर्म का वास्तविक स्वरूप मानवता, करुणा, सेवा और शांति है। प्रत्येक धर्म का लक्ष्य मनुष्य को जोड़ना है, विभाजित करना नहीं।” सर्वधर्म गुरुजनों ने एक मत से यह उद्घोष किया कि सभी धर्म एक ही ईश्वर की विविध उपासनाएँ हैं, और परस्पर सम्मान ही शांति का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय सर्वधर्म संसद की वंदना प्रस्तुत करते हुए गायक बृजेश मिश्रा ने अपने मधुर गायन से वातावरण को भक्ति और एकता की भावना से ओतप्रोत कर दिया। तत्पश्चात स्वामी करपात्री महाराज को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सांस्कृतिक खण्ड में त्यागराज सेंटर ऑफ म्यूज़िक एंड डांस नोएडा के कलाकारों ने वामनावतार नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें अहंकार पर विनम्रता की विजय का अद्भुत चित्रण किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन नृत्यगुरु आर.वी. त्यागराजन ने किया।
अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं धर्माचार्यों ने प्रसाद ग्रहण कर “गौ माता की रक्षा, राष्ट्र की रक्षा तथा विश्वकल्याण” के पथ पर चलने का संकल्प लिया।
सर्वधर्म संसद के मंच से अपने उद्बोधन में अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुजी गौतम ऋषि ने कहा “मेरा जीवन गौ, गंगा, गीता, गायत्री और सनातन सेवा को समर्पित है। गौ सेवा केवल सनातन का ही नहीं, बल्कि समस्त मानव जाति का नैतिक कर्तव्य है। भारतीय संस्कृति में गौमाता श्रद्धा, पोषण और मातृत्व की प्रतीक हैं।”

कार्यक्रम में गौ संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, सर्वधर्म एकता एवं राष्ट्र जागरण का संदेश प्रवाहित हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण, महायज्ञ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को एक दिव्य आध्यात्मिक संगम का रूप प्रदान किया। पूरे आयोजन का कुशल संचालन टेन न्यूज़ नेटवर्क के सब- एडिटर रंजन अभिषेक ने किया, जिनकी सहायक रहीं श्रुति शर्मा।
यह आयोजन न केवल धार्मिक समरसता का प्रतीक बना, बल्कि भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम्” की सनातन भावना को पुनः प्रखरता से अभिव्यक्त करता हुआ, विश्व शांति और मानव कल्याण का अमिट संदेश दे गया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।