Gautam Buddha Nagar News (08/11/2025): राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत गौतमबुद्ध नगर जिले में अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को नवंबर माह का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण 8 नवंबर से 25 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। यह जानकारी प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने दी।
उन्होंने बताया कि राशन वितरण जिले की सभी उचित दर दुकानों पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के बाद किया जाएगा। वितरण का समय सुबह 8:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत प्रत्येक कार्ड पर 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल, कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल, कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त मिलेगा।
स्मृति गौतम ने बताया कि “वन नेशन, वन राशन कार्ड” योजना के अंतर्गत अन्य जनपदों एवं राज्यों के पात्र कार्डधारक भी गौतमबुद्ध नगर जिले की किसी भी उचित दर दुकान से अपनी सुविधा अनुसार राशन प्राप्त कर सकते हैं। वितरण के दौरान नियुक्त नोडल अधिकारी दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन करेंगे और अपनी उपस्थिति में पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निःशुल्क वितरण की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2025 निर्धारित की गई है। यदि किसी उपभोक्ता का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो उसे मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से भी खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। ई-पॉस मशीन से जारी रसीद पर गेहूं एवं चावल का मूल्य “शून्य” अंकित होना आवश्यक है और यह रसीद कार्डधारक को दी जाएगी।
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यदि किसी लाभार्थी को राशन वितरण में कोई समस्या आती है, तो वह अपने उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक या जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क कर सकता है। साथ ही शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1967 या 1800-1800-150 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।