निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन: जिम्मेदार अधिकारियों और सहायक कर्मियों का वेतन रोका

टेन न्यूज़ नेटवर्क

GREATER NOIDA News (06/11/2025): विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में सुस्ती दिखाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कार्रवाई करते हुए 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया है। साथ ही 130 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और 13 सुपरवाइजरों के खिलाफ न केवल वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है, बल्कि एफआईआर दर्ज करने की संस्तुति भी की गई है।

यह कार्रवाई निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के तहत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक गणना प्रपत्रों का वितरण और प्राप्ति का कार्य निर्धारित किया गया है। लेकिन समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी तहसील से गणना प्रपत्र प्राप्त करने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने में बेहद धीमी रफ्तार से काम कर रहे हैं।

समीक्षा बैठक के दौरान इस लापरवाही पर डीएम मेधा रूपम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही, ढिलाई या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील कार्यों में देरी से निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, इसलिए जिम्मेदार अधिकारी तत्काल गति तेज करें।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि आगे भी कार्य में लापरवाही पाई गई तो निलंबन और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन सुनिश्चित करना होगा, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे। जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद निर्वाचन कार्यालयों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी अब यह सुनिश्चित करने में जुट गए हैं कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन पूरा हो जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी समय पर पूरी की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।