भारत की बेटियों का वर्ल्ड कप पर कब्ज़ा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खुशी की लहर
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (03 नवंबर 2025): क्रिकेट भारतीयों के दिलों की धड़कन है और जब बात भारत की बेटियों की हो, तो यह जुनून और भी बढ़ जाता है। आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 (ICC Women’s World Cup 2025) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को हराकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। लंबे अंतराल के बाद मिली इस जीत ने पूरे देश को गर्व और खुशी से झूमने पर मजबूर कर दिया है। सोशल मीडिया से लेकर शहर की गलियों तक “भारत माता की जय” और “हमारी बेटियाँ, हमारा गर्व” के जयघोष गूंज रहे हैं।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की महिलाओं में भी इस ऐतिहासिक जीत को लेकर उत्साह और गर्व की लहर है। जानी-मानी भरतनाटयम, गुरु और सुपर डांस एकेडमी की निर्देशिका सुपर्णा सूद ने Ten News से बातचीत में कहा, “आज हमारा भारत हर क्षेत्र में आगे है और हमारी महिलाएं उसमें अहम भूमिका निभा रही हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने यह जीत हासिल कर इतिहास रचा है। यह साबित करती है कि अब हमारी बेटियाँ किसी से पीछे नहीं हैं। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए कि अगर जीवन मिला है, तो कुछ बड़ा कर दिखाना ही चाहिए।”
वहीं समाज सेविका एवं नन्हक फाउंडेशन की फाउंडर-प्रेसिडेंट साधना सिंहा ने इस उपलब्धि को करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों की जीत बताया। उन्होंने कहा, “एक समय था जब महिलाओं को क्रिकेट का बल्ला पकड़ने की भी इजाज़त नहीं थी, लेकिन आज वही महिलाएँ वर्ल्ड कप जीतकर दिखा रही हैं कि मेहनत और अवसर मिल जाए, तो कोई सपना असंभव नहीं रहता। यह जीत केवल एक कप नहीं, बल्कि हर उस महिला की जीत है जिसने कभी सपने देखे हैं। उड़ान की कोई सीमा नहीं होती — बस सोच बड़ी होनी चाहिए और मेहनत सच्ची।”
त्यागराजा म्यूजिक एंड डांस सेंटर की संस्थापिका राजेश्वरी त्यागराजन ने कहा, “मैं क्रिकेट फैन नहीं हूं, लेकिन इस बार मैंने महिला टीम के हर मैच को दिल से देखा। उन्होंने ट्रोलिंग, चुनौतियों और दबाव के बीच जिस आत्मविश्वास और संयम से खेला, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है। अगर महिलाओं को थोड़ा सा सपोर्ट और भरोसा दिया जाए, तो वे हर सपने को साकार कर सकती हैं।”
वर्ल्ड कप जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। सड़कों, पार्कों और कॉलोनियों में ढोल-नगाड़ों की आवाज़ें गूंज रही हैं। भारत की बेटियों की यह ऐतिहासिक जीत न केवल क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है, बल्कि इसने पूरे देश को यह संदेश भी दिया है कि अब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।