दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों पर बवाल: हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल सरकार को बताया ‘आपदा सरकार’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (6 जनवरी 2025): केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा ने आज एक प्रेस वार्ता में दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आप सरकार के 10 सालों के कार्यकाल को भ्रष्टाचार और निकम्मेपन का प्रतीक बताते हुए कहा कि केजरीवाल केवल घोषणाओं की राजनीति करते हैं, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।

हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली के गाजीपुर, भलस्वा, और ओखला के तीन बड़े कूड़े के पहाड़ों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन स्थानों पर कुल 229 लाख मीट्रिक टन कचरा पड़ा है। गाजीपुर में 140 लाख मीट्रिक टन कचरा है, जहां प्रतिदिन 2600 मीट्रिक टन कचरा और जोड़ा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि केजरीवाल और उनके महापौर ने इन कूड़े के पहाड़ों को कम करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए।

मल्होत्रा ने कहा, “केजरीवाल ने कहा था कि निगम मिलने के बाद गाजीपुर का पहाड़ एक साल में खत्म कर देंगे, लेकिन आज भी हालात जस के तस हैं। दिल्ली की यमुना को साफ करने और कूड़ा प्रबंधन के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन दिल्ली आज भी कूड़े के पहाड़ और गंदी यमुना से जूझ रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल की पहल पर मई 2022 से सितंबर 2022 के बीच 25 लाख मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके अलावा, टर्मोयल मशीनें लगाई गईं, जिससे कचरे का रिफ्यूज ड्राइव फ्यूल (RDF) बनाकर उसका उपयोग पेपर मिल और सड़क निर्माण में किया जा रहा है। लेकिन केजरीवाल सरकार ने इस दिशा में कोई प्रभावी योजना नहीं बनाई।

मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा यमुना सफाई के लिए बनाई गई कमेटी का नेतृत्व उपराज्यपाल को सौंपा गया था, लेकिन केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट में जाकर इस पर स्टे ले आए। उन्होंने कहा कि 8500 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद यमुना की स्थिति नहीं सुधरी।

भाजपा नेता ने दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 500 स्कूल और 20 कॉलेज बनाने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक सिर्फ कागजी घोषणाएं हुईं। इसके विपरीत, केंद्र सरकार ने तीन कॉलेज और एक विश्वविद्यालय का निर्माण किया।

प्रेस वार्ता में मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा, शाहदरा जिला अध्यक्ष संजय गोयल, और अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित थे। हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “भाजपा की सरकार बनते ही हम तीन साल के भीतर दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों को खत्म करेंगे। भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। हमने आयुष्मान भारत जैसी योजना 100 दिनों के भीतर लागू की, लेकिन केजरीवाल सरकार ने इसे दिल्ली में लागू नहीं होने दिया।”

यह बयान दिल्ली में आगामी चुनावों से पहले राजनीति के गर्म होते माहौल की ओर इशारा करता है। भाजपा ने जहां आप सरकार की नाकामियों को उजागर किया है, वहीं कूड़ा प्रबंधन जैसे मुद्दे चुनावी बहस का मुख्य केंद्र बनते नजर आ रहे हैं।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।