New Delhi News (01 November 2025): दिल्ली के नजफगढ़ में 28 अक्टूबर को हुई अंधाधुंध फायरिंग की गुत्थी को द्वारका जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने उत्तराखंड के मसूरी से दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि इस फायरिंग के पीछे जेल में हुई पुरानी रंजिश थी, जिसका बदला लेने के लिए यह हमला करवाया गया। इस घटना में शिकायतकर्ता बाल-बाल बच गया था, जबकि हमलावर फरार हो गए थे।
घटना का सिलसिला: अरुण पार्क में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं
पुलिस को घटना की जानकारी एक PCR कॉल के माध्यम से मिली, जिसमें बताया गया कि नजफगढ़ के अरुण पार्क में फायरिंग हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस को 4-5 खाली कारतूस मिले। शिकायतकर्ता रोहित ने बताया कि जब वह अपने दोस्त संग बैठा था, तभी एक ब्रेज़ा कार से तीन युवक उतरे और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह वह बच गया और हमलावर फरार हो गए। इस बयान के आधार पर नजफगढ़ थाने में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सुराग, मसूरी में हुई गिरफ्तारी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की लोकेशन का पता लगाया गया। 30 अक्टूबर को सूचना मिली कि फायरिंग में शामिल आरोपी मसूरी में छिपे हैं। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों — दिल्ली निवासी मनीष उर्फ मोनी (27) और मुजफ्फरनगर निवासी हिमांशु (22) — को गिरफ्तार कर लिया।
जेल में पनपी रंजिश बनी फायरिंग की वजह
पूछताछ में सामने आया कि यह फायरिंग जेल में हुई पुरानी दुश्मनी का नतीजा थी। आरोपी मनीष और हिमांशु ने बताया कि वे दीपक नाम के व्यक्ति के संपर्क में थे, जो झज्जर जेल में बंद रहने के दौरान शिकायतकर्ता रोहित लांबा से लड़ चुका था। जेल से छूटने के बाद दीपक ने विदेश में रह रहे हिमांशु उर्फ बाहू से संपर्क साधा, जिसने रोहित को खत्म करने की साजिश रची और दोनों को यह काम सौंपा। वारदात के लिए कार किराये पर ली गई और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बहादुरगढ़ से मसूरी भाग निकले।
साजिश के सबूत मिले, जांच जारी
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वह मोबाइल फोन बरामद किया, जिससे हमले की योजना बनाई गई थी। फोन की जांच में हिमांशु उर्फ बाहू और शूटरों के बीच बातचीत की पुष्टि हुई है। पुलिस अब साजिश में शामिल अन्य आरोपियों और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह केस दिल्ली में सक्रिय आपराधिक गैंगों के बीच बढ़ती दुश्मनी और गैंगवार की ओर इशारा करता है। आगे की जांच जारी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।