भुवनेश्वर में आयोजित होगी राष्ट्रीय हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प सम्मेलन: नई योजनाओं पर होगा मंथन
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (30 अक्टूबर 2025): वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त (हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प) कार्यालयों द्वारा राष्ट्रीय हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प सम्मेलन का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2025 तक भुवनेश्वर, ओडिशा में किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी, हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत के हस्तनिर्मित क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों को समझना तथा इस क्षेत्र के लिए भारत सरकार की आगामी नई योजना पर विचार-विमर्श करना है। यह नई योजना हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के शासन ढांचे में व्यापक परिवर्तन लाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी को और अधिक सशक्त किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव मनोज आहूजा होंगे, जबकि अतिथि सम्मानित पद पर अनु गर्ग, विकास आयुक्त-कम-अतिरिक्त मुख्य सचिव, योजना एवं अभिसरण विभाग, ओडिशा सरकार रहेंगी। सम्मेलन के दूसरे दिन वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव नीलम शमी राव “हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए नई योजनाएं – एक नये दृष्टिकोण की ओर” विषय पर आयोजित सत्र का उद्घाटन करेंगी और “शासन संरचना में सार्थक बदलाव” पर भी संबोधित करेंगी।
इसके अतिरिक्त, डॉ. एम. बीना, विकास आयुक्त (हस्तकरघा), अमृत राज, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार तथा पूनम गुहा तपस कुमार, आयुक्त-कम-सचिव, हस्तकरघा, वस्त्र एवं हस्तशिल्प विभाग, ओडिशा सरकार भी उद्घाटन सत्र में उपस्थित रहेंगी।
यह सम्मेलन नीति निर्माताओं, राज्यों के अधिकारियों और हस्तशिल्प व हस्तकरघा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां संवाद, सहयोग और नीति एकरूपता पर सार्थक चर्चा होगी। राज्य सरकारों की सक्रिय भागीदारी से इस क्षेत्र के शासन ढांचे को मजबूत बनाने और देशभर के बुनकरों व शिल्पकारों तक लाभ पहुंचाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
सम्मेलन से यह उम्मीद की जा रही है कि यह भारत के पारंपरिक हस्तनिर्मित क्षेत्र को नयी गति, दिशा और सशक्त नीति ढांचा प्रदान करेगा, जिससे देश के कारीगरों और बुनकरों का आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण संभव होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।