रीलखा गांव में कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से परिवार पर हमला, पांच घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (29/10/2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रीलखा गांव में मंगलवार देर रात एक ही परिवार पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ियों से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में तीन महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

गांव निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन दिन पहले पड़ोसी लोहे की नाल से धमाके कर रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। मंगलवार रात आरोपी पक्ष के लोग अचानक उनके घर पर चढ़ आए और परिवार पर बेरहमी से हमला कर दिया।

जयप्रकाश ने बताया कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज और धमकी दी, फिर घर में घुसकर उनकी पत्नी, बेटी, बेटे सहित परिवार के अन्य सदस्यों को कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से पीटा। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को बचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनसे पुरानी रंजिश रखते हैं।

दनकौर थाना प्रभारी ने बताया कि जयप्रकाश की तहरीर पर धर्म, लखन, चंदर, पिंटू, शेरा और अर्जुन नामक छह आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। दनकौर थाना प्रभारी का कहना है कि, सभी आरोपी पहचान में आ चुके हैं, जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

वारदात के बाद से रीलखा गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस बल मौके पर डेरा जमाए हुए है। अधिकारियों ने कहा कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।