देव दीपावली से पहले काशी के घाटों पर बहेगी संगीत, नृत्य और लोक कलाओं की सरिता
टेन न्यूज नेटवर्क
Varanasi News (29 अक्टूबर 2025): देव दीपावली (Dev Diwali) से पहले काशी के घाटों पर इस बार संगीत, नृत्य और लोक कलाओं की गूंज सुनाई देगी। माँ गंगा के पावन तट पर इस वर्ष गंगा महोत्सव 2025 का आयोजन 1 से 4 नवम्बर तक भव्य रूप से किया जाएगा। योगी सरकार (Yogi Government) के प्रयासों से आयोजित होने वाला यह उत्सव काशी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत करेगा। राजघाट से लेकर नमो घाट तक चार दिनों तक देशभर के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जहाँ शास्त्रीय, भक्ति और लोक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि चार दिवसीय इस उत्सव में गीत, संगीत, नृत्य और वादन की ‘गंगा’ बहेगी। प्रत्येक दिन शाम 4 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें लोक और शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियां तथा पारंपरिक नृत्य शैलियों की झलक एक साथ देखने को मिलेगी। आयोजन के अंतिम दिन प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी अपने भजनों से श्रद्धा और भक्ति का भाव जगाएंगे, जबकि 3 नवम्बर को पद्मश्री मालिनी अवस्थी अपने लोक गायन से उत्तर भारत की लोक परंपराओं को सजीव करेंगी। इसके अलावा 2 नवम्बर को पद्मश्री गीता चन्द्रन भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी।
गंगा महोत्सव के प्रमुख आकर्षण इस प्रकार रहेंगे:
पहला दिन (1 नवम्बर): पं. माता प्रसाद मिश्र एवं पं. रविशंकर मिश्र कथक युगल नृत्य प्रस्तुत करेंगे। कविता मोहन्ती ओडिसी नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। विदुषी श्वेता दुबे, विदुषी कमला शंकर, डॉ. रिपि मिश्र, डॉ. दिवाकर कश्यप, डॉ. प्रभाकर कश्यप और रवि शर्मा एवं समूह अपने गायन व लोक नृत्य से समां बांधेंगे।
दूसरा दिन (2 नवम्बर): शिवानी शुक्ला, प्रवीण उद्भव, राजकुमार तिवारी, डॉ. अर्चना आदित्य महास्कर और वन्दना मिश्रा अपने गायन से महोत्सव को मधुर बनाएंगे। प्रो. पं. साहित्य नाहर एवं डॉ. पं. संतोष नाहर सितार-वायलिन जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। ओम प्रकाश भजन गायन करेंगे और पद्मश्री गीता चन्द्रन भरतनाट्यम की अनुपम प्रस्तुति देंगी।
तीसरा दिन (3 नवम्बर): मीना मिश्रा, विशाल कृष्ण, दिव्या शर्मा, राकेश कुमार, इन्दु गुप्ता और चेतन जोशी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बनाएंगे। विदुषी कविता द्विवेदी ओडिसी नृत्य करेंगी और दिन का मुख्य आकर्षण होंगी पद्मश्री मालिनी अवस्थी, जो लोक गायन से काशी की धरती को लोक रस में डुबो देंगी।
चौथा दिन (4 नवम्बर): डॉ. शुभांकर डे, डॉ. प्रेम किशोर मिश्र, राहुल रोहित मिश्र, रूपन सरकार समन्ता, वासुमती बद्रीनाथन, शिवानी मिश्रा और मानसी रघुवंशी शास्त्रीय एवं लोक संगीत की प्रस्तुति देंगी। महोत्सव के समापन पर हंसराज रघुवंशी अपने भजनों से भक्तिमय वातावरण बनाएंगे।
इस प्रकार, गंगा महोत्सव 2025 देव दीपावली से पहले काशी के घाटों को भक्ति, संगीत और लोक संस्कृति की रंगीन छटा में रंग देगा। यह आयोजन न केवल काशी की सांस्कृतिक विरासत को उजागर करेगा, बल्कि देशभर से आने वाले कलाकारों और दर्शकों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।