दिल्ली में छठ महापर्व संपन्न: सीएम रेखा गुप्ता ने उगते सूर्य को दिया ‘उषा अर्घ्य’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (28 October 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। यमुना तट से लेकर शहर के कृत्रिम तालाबों और झीलों तक लाखों श्रद्धालुओं ने सुबह-सुबह जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की उपासना की। जैसे ही सूरज की पहली किरणें निकलीं, व्रतियों ने दूध, जल और प्रसाद से ‘ऊषा अर्घ्य’ अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर भक्ति संगीत, लोकगीत और दीपों की रौशनी ने माहौल को दिव्यता से भर दिया।

सीएम रेखा गुप्ता ने दी सूर्यदेव को अर्घ्य

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार सुबह आईटीओ यमुना घाट पहुंचीं, जहां उन्होंने उगते सूर्य को ‘ऊषा अर्घ्य’ अर्पित किया और दिल्लीवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि “राजधानी में पहली बार छठ पूजा इतने भव्य और दिव्य रूप में मनाई जा रही है, जो दिल्ली की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।” उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

संध्या अर्घ्य पर भी रही सीएम की उपस्थिति

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार की शाम संध्या अर्घ्य के अवसर पर भी सोनिया विहार के घाट पर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की थी। इस दौरान वह नाव के माध्यम से पुश्ता से लेकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राम घाट और श्याम घाट तक गईं और सूर्यदेव को नमन किया। दीपों की रोशनी, भक्ति गीतों और पारंपरिक सजावट के बीच उन्होंने व्रतियों के साथ संवाद किया और इस आयोजन को “दिल्ली की नई सांस्कृतिक पहचान” बताया।

दिल्ली सरकार की विशेष तैयारियाँ

इस वर्ष दिल्ली सरकार की ओर से छठ पर्व के लिए विशेष तैयारियाँ की गईं। यमुना नदी के पल्ला से लेकर कालिंदी कुंज तक 17 मॉडल छठ घाटों का निर्माण किया गया था। इन घाटों पर टेंट, लाइटिंग, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और मेडिकल सहायता जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। दिल्ली प्रशासन और नागरिक एजेंसियों ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूजा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो।

श्रद्धा, सुरक्षा और संतोष का संगम

आईटीओ, कालिंदी कुंज, भलस्वा झील और अन्य घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस, नागरिक सुरक्षा कर्मी और स्वयंसेवी संगठन लगातार निगरानी में जुटे रहे। पूरे वातावरण में छठ के गीत और मंत्रों की गूंज सुनाई दी, जिससे आस्था और भक्ति का माहौल चरम पर पहुंच गया। सूर्योदय के साथ जब व्रतियों ने व्रत पारण किया, तो उनके चेहरों पर संतोष और आध्यात्मिक तृप्ति का भाव झलक उठा यही छठ पूजा की सच्ची पहचान है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।