यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास बंद पड़ा छठ घाट पुनः शुरू, पूर्वांचल समाज में खुशी की लहर
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (25 October 2025): पूर्वी दिल्ली के हजारों पूर्वांचलवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित बंद पड़ा छठ घाट पुनः चालू कर दिया गया है। यह पहल बिहार जागरण मंच के संरक्षक एवं एन.डी.एम.सी. सदस्य दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में संभव हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार जागरण मंच के सदस्यों ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया कि वर्ष 2020 में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के समीप पंटून पुल के नीचे स्थित छठ पूजा घाट को बंद करवा दिया गया था, जिससे पूर्वी दिल्ली के पूर्वांचल समाज के लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी।
पूर्वांचल समाज की भावनाओं को समझते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्रीय अधिकारियों से वार्ता की और घाट निर्माण की अनुमति दिलवाई। उन्होंने तुरंत जेसीबी मशीन लगवाकर घाट के पुनर्निर्माण का कार्य आरंभ करवाया। आज सुबह सचदेवा स्वयं निर्माणाधीन घाट पर पहुंचे और सफाई श्रमदान में भाग लिया।
इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “यह छठ घाट निर्माण करवा कर हमने लक्ष्मी नगर, पांडव नगर सहित आस-पास के चार से पांच किलोमीटर क्षेत्र में बसे बिहार समाज के लोगों की आकांक्षा पूरी की है। पहले की केजरीवाल सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों में बाधा डालती थी, परंतु भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार जन-जन के पर्वों को उत्सव और उत्साह के साथ मनाने का अवसर दे रही है।”

कार्यक्रम में एन.डी.एम.सी. सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अभय वर्मा, शाहदरा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक गाबा, दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, पार्षद संदीप कपूर, नीलम नीतू चौधरी, रामकिशोर शर्मा सहित बड़ी संख्या में बिहार जागरण मंच के सदस्य उपस्थित रहे और घाट स्वच्छता श्रमदान में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर दिनेश प्रताप सिंह ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं दिल्ली सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास यह छठ घाट पुनः चालू होने से पूर्वी दिल्ली के पूर्वांचल समाज में हर्ष की लहर है। यह कदम न केवल धार्मिक भावनाओं का सम्मान है बल्कि सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।