दिल्ली बनेगी आस्था की राजधानी: यमुना किनारे 17 मॉडल छठ घाट तैयार — कौनसे मुकदमे होंगे वापस
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (23 अक्टूबर, 2025): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार दिल्ली की दीपावली जितनी भव्य थी, उतना ही दिव्य और आस्था से परिपूर्ण होगा आगामी छठ पर्व। दिल्ली सरकार ने पूरे शहर में एक हजार से अधिक छठ घाट (Chhath Ghats) तैयार करने का ऐलान किया है, जिनमें यमुना नदी (Yamuna River) के किनारे 17 भव्य मॉडल घाट बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार छठ पर्व को “संस्कृति, श्रद्धा और स्वच्छता” का उत्सव (Festival of Faith & Cleanliness) बनाने के लिए विशेष तैयारियां कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “छठ पूजा दिल्ली की संस्कृति (Culture) और आस्था (Faith) से जुड़ा पर्व है। अब सरकार स्वयं श्रद्धालुओं के लिए यमुना किनारे पूजा स्थल तैयार कर रही है।” उन्होंने बताया कि पल्ला से लेकर कालिंदी कुंज तक फैले इन घाटों की लंबाई आधे से डेढ़ किलोमीटर तक होगी। साथ ही प्रत्येक जिले और उपजिले में भी एक मॉडल घाट बनाया जा रहा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2021 में यमुना किनारे छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे (FIRs) वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने आस्था पर प्रतिबंध लगाए थे, जबकि वर्तमान सरकार उसे सम्मान दे रही है।
इस बार दिल्ली सरकार स्वयं धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों (Cultural Events) में भाग लेगी। लगभग 200 घाटों पर भोजपुरी व मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सरकार की ओर से टेंट, पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छता की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने भी आज से अपने क्षेत्रों में छठ घाटों पर स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली अब केवल राजनीति की राजधानी नहीं, बल्कि आस्था की राजधानी बनने जा रही है। जिस श्रद्धा के साथ दीपावली पर दीप जले, उसी भक्ति के साथ दिल्लीवासी सूर्य देव को अर्घ्य देंगे।”
टिप्पणियाँ बंद हैं।