यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा — जेपी ग्रुप के सुपरवाइजर की मौत, हाइड्रा चालक फरार
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (23/10/2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में जेपी ग्रुप के सुपरवाइजर की जान चली गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा चपरगढ़ गांव के समीप हुआ, जब तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने काम कर रहे सुपरवाइजर को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान सुधीर कुमार (निवासी – बलिया, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो जेपी ग्रुप में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर वे कंपनी के कैंपस के पास निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही हाइड्रा वाहन ने नियंत्रण खो दिया और सुधीर को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों ने तत्काल सुधीर को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद हाइड्रा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक के भाई सुशील कुमार ने पुलिस में तहरीर देकर चालक करन (निवासी – गोरखपुर) पर लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का आरोप लगाया है।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि, आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सुधीर कुमार की मौत की खबर जैसे ही उनके गृह जनपद बलिया पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि सुधीर परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। सहकर्मियों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस ने हाइड्रा वाहन को जब्त कर लिया है और घटना के कारणों की जांच जारी है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।