लव कुश रामलीला कमेटी ने दी “अभिनय सम्राट” असरानी को श्रद्धांजलि

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (23 अक्टूबर 2025): भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और अभिनय सम्राट असरानी के निधन से देशभर में शोक की लहर है। करीब 350 से अधिक फिल्मों में अपने शानदार अभिनय का जादू बिखेर चुके असरानी को विश्वविख्यात लव कुश रामलीला कमेटी ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने लीला कमेटी के सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर असरानी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि असरानी न केवल एक महान कलाकार थे, बल्कि एक अत्यंत विनम्र और सरल स्वभाव के व्यक्ति भी थे।

अर्जुन कुमार ने याद करते हुए बताया कि जब हमने असरानी जी से लाल किले के ऐतिहासिक मंच पर आयोजित लव कुश रामलीला में नारद मुनि का किरदार निभाने का आग्रह किया, तो उन्होंने बड़े उत्साह से कहा था – “लाल किला ग्राउंड में हजारों राम भक्तों के सामने मंच पर अभिनय करना मेरे लिए गर्व की बात है, यहां फिल्मों की तरह रीटेक का मौका नहीं मिलेगा, यही इसकी खूबसूरती है।” इसी बातचीत में उन्होंने तुरंत इस भूमिका के लिए हामी भर दी थी।

इसके बाद असरानी ने लव कुश रामलीला में पांच बार विभिन्न किरदारों को जीवंत किया। अर्जुन कुमार के अनुसार, असरानी इतने डाउन टू अर्थ थे कि वे हमेशा अन्य कलाकारों के साथ लीला स्थल पर ही भोजन करते और होटल में रिहर्सल के बाद भी दोपहर में ग्राउंड पर पहुंचकर मंच अभ्यास करते थे। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि जिस दिन भी उनका रोल होता, राम भक्त शाम से ही ग्राउंड में अपने प्रिय अभिनेता की एक झलक पाने के लिए जुटने लगते थे।

अर्जुन कुमार ने बताया कि असरानी अक्सर अपने संघर्ष के दिनों को याद करते थे और बताते थे कि कैसे उन्होंने कठिन परिश्रम से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने यह भी साझा किया कि असरानी जी ने एक इंटरव्यू में कहा था — “लव कुश रामलीला में नारद का किरदार निभाने के बाद जब भी मैं विदेश में किसी शो के लिए जाता था, तो वहां लोग ‘नारायण-नारायण’ बोलने की फरमाइश करते थे, जैसे फिल्मों में अंग्रेजों के जमाने के जेलर की डायलॉग्स की करते हैं।”

अर्जुन कुमार ने कहा कि असरानी का निधन न केवल भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए, बल्कि रामलीला जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा — “असरानी जी की सरलता, समर्पण और अभिनय का तेज हमेशा हमारे दिलों में अमर रहेगा।”

टिप्पणियाँ बंद हैं।