1200 करोड़ की भूमि मुक्त: यमुना प्राधिकरण का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई अवैध कॉलोनियाँ हुईं ध्वस्त

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (14/10/2025): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अवैध कब्जों और कॉलोनियों के खिलाफ सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों और ज़िलाधिकारी अलीगढ़ व एसएसपी अलीगढ़ के सहयोग से यह अभियान विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।

इस दौरान टप्पल, हामिदपुर और स्यारोल गांवों में व्यापक पैमाने पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण की टीम ने करीब 300 एकड़ अधिसूचित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अभियान के तहत ‘द ग्रैंड कॉलोनाइज़र’ और ‘वृंदावन कॉलोनी’ जैसी कई अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि अधिसूचित भूमि पर कब्जा या कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना प्राधिकरण की स्वीकृति वाले भूखंड या कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। भोले-भाले खरीदारों को भ्रमित करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों से सावधान रहें। ऐसी अवैध परियोजनाओं में निवेश करने से आर्थिक नुकसान और कानूनी दिक्कतें हो सकती हैं।

अभियान के दौरान प्राधिकरण और जिला प्रशासन की कई टीमें मौजूद रहीं। मौके पर विशेष कार्याधिकारी शिवअवतार सिंह, अभिषेक शाही, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार चौहान सहित अलीगढ़ प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तथा प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख विभाग के कर्मचारी तैनात रहे। यह कार्रवाई यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई मानी जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।