इलाज में लापरवाही से गई युवक की जान, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (12/10/2025): दादरी थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 25 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण युवक की जान गई। उन्होंने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से लिखित शिकायत करने की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार, भोगपुर गांव निवासी पंकज (25) गुरुवार शाम मोटरसाइकिल से हाईवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंकज को परिजन और राहगीर तुरंत कोट गांव स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू करने के बजाय उसे हायर सेंटर रेफर करने की बात कही। उनका कहना है कि उस वक्त अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था और न ही आपातकालीन स्थिति से निपटने की कोई सुविधा उपलब्ध थी। परिजनों के मुताबिक, जब रेफर की प्रक्रिया शुरू की गई तो पता चला कि अस्पताल के पास एंबुलेंस भी नहीं थी।
घटना के बाद मृतक के भाई ने अस्पताल परिसर में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने दावा किया कि अस्पताल में न डॉक्टर हैं, न एंबुलेंस — यही वजह है कि मेरे भाई की मौत हुई। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल परिजनों ने अस्पताल की लापरवाही को लेकर सीएमओ से औपचारिक शिकायत की है।
परिजनों की मांग है कि प्रशासन ऐसे अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, जो बुनियादी सुविधाओं के बिना संचालित हो रहे हैं और मरीजों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने फिलहाल इस पूरे मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।