तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्रों को मारी टक्कर, आरोपी फरार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (4 जनवरी 2024): ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार द्वारा एक स्कूटी सवार को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। यह हादसा रेयान गोल चक्कर के पास हुआ, जब स्कूटी पर सवार दो छात्र दूध लेने जा रहे थे। हादसे के बाद, कार चालक ने स्कूटी को काफी दूर तक घसीटा, जिससे दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घायल छात्रों की पहचान मानव रैकवार और गर्वित भटनागर के रूप में हुई है। दोनों छात्र बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं और एक सोसाइटी में रहते हैं। उनके परिजन नंदकिशोर रैकवार ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटना की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कार के नंबर की पहचान की जा रही है, और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।

चूहड़पुर अंडरपास के पास ऑडी और वैगनआर की भिड़ंत, एक घायल

बीटा-2 थाना क्षेत्र में ही चूहड़पुर अंडरपास के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वैगनआर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक पंकज घायल हो गए।

पंकज ने बताया कि वह अपनी कार से नोएडा जा रहे थे, जब ऑडी चालक ने लापरवाही से उनकी कार में टक्कर मारी। हादसे के बाद, ऑडी चालक मौके से फरार हो गया। पंकज ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।

पुलिस का बयान

दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अन्य सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।