दिल्ली में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य आयोजन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 October 2025): देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने ‘सरदार @150’ नाम से एक विशेष अभियान की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता, नशामुक्त जीवन और आत्मनिर्भर भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सचिवालय में बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में होगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं।

यमुना से देशभर की नदियों तक ‘एकता का जल संकल्प’

इस ऐतिहासिक पहल के तहत दिल्ली के 15 शैक्षिक जिलों के 150 छात्र यमुना नदी से पवित्र जल लेकर देश की 25 प्रमुख नदियों तक पहुंचाएंगे। जम्मू-कश्मीर की झेलम से लेकर हैदराबाद की मूसी नदी तक यह यात्रा भारत की एकता और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बनेगी। इसके बाद सभी नदियों का जल दिल्ली वापस लाया जाएगा और पटेल चौक स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर ‘राष्ट्रीय एकता का जल संकल्प’ लिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 31 अक्टूबर को स्वयं इस जल से प्रतिमा का जलाभिषेक करेंगी।

राज्य स्तरीय एकता पदयात्रा और सांस्कृतिक आयोजन

31 अक्टूबर की शाम राजधानी में राज्य स्तरीय एकता पदयात्रा निकाली जाएगी, जो पटेल चौक से शुरू होकर नेशनल वॉर मेमोरियल तक जाएगी। इस यात्रा में करीब 5,000 प्रतिभागी, जिनमें एनएसएस, एनसीसी, एमवाई भारत के स्वयंसेवक, शिक्षक, छात्र और आम नागरिक शामिल होंगे, एकता का संदेश देंगे। इसके साथ ही 1 से 25 नवंबर तक दिल्ली के 10 जिलों में 150 किलोमीटर लंबी पदयात्राएँ भी होंगी। वहीं 1 नवंबर को लाल किले पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत – आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रोजेक्शन मैपिंग शो आयोजित किया जाएगा।

पोस्टर प्रतियोगिता और युवाओं की भागीदारी

अभियान के दौरान दिल्ली के 15 जिलों में ‘माई भारत’ संस्था के सहयोग से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। प्रत्येक जिले से चुने गए 10 विजेता बच्चों में से 150 को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा कराई जाएगी। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर गुजरात में होने वाली राष्ट्रीय पदयात्रा में देशभर के एनएसएस और एनसीसी प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंसुख मांडविया संबोधित करेंगे।

सरदार पटेल के विचारों से प्रेरित एकता का संदेश

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ‘सरदार @150’ केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है। इस अभियान के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भरता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस भारत को एक सूत्र में बांधने का सपना देखा था, आज वही भावना इस अभियान के जरिए फिर से जीवंत की जा रही है। भारत की 562 रियासतों को एक करने वाले इस महानायक की 150वीं जयंती देशभर में एकता और गर्व के उत्सव के रूप में मनाई जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।