विकसित भारत बिल्डथॉन 2025: एक करोड़ छात्रों को नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (07 अक्टूबर 2025): भारत के सबसे बड़े विद्यालय हैकथॉन “विकसित भारत बिल्डथॉन 2025” में देशभर के 1 करोड़ छात्र भाग लेंगे। यह राष्ट्रव्यापी नवाचार आंदोलन विद्यालयी शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल), शिक्षा मंत्रालय द्वारा अटल नवाचार मिशन, नीति आयोग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना और छात्रों को आत्मनिर्भर, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल तथा समृद्ध भारत जैसे विषयों पर प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए प्रेरित करना है।
13 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी लाइव बिल्डथॉन
13 अक्टूबर 2025 को सभी विद्यालयों में लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से एक साथ राष्ट्रव्यापी “सिंक्रोनाइज़ बिल्डथॉन” आयोजित किया जाएगा। इस दिन देशभर के छात्र एक साथ नवाचार के विभिन्न विचारों और समाधानों पर कार्य करेंगे। कार्यक्रम को राष्ट्रीय समाचार और मीडिया चैनलों पर भी प्रसारित किया जाएगा।

पंजीकरण 11 अक्टूबर तक, प्रविष्टियां 31 अक्टूबर तक
23 सितंबर को शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था। 23 सितंबर से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। इसके बाद 11 से 12 अक्टूबर के बीच छात्रों के लिए टीम गठन, विचार-मंथन शिविर और मेंटरशिप सत्र आयोजित किए जाएंगे। विद्यालय 13 से 31 अक्टूबर तक अपनी प्रविष्टियां पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकेंगे। विशेषज्ञों का पैनल नवंबर और दिसंबर के बीच प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेगा, जबकि जनवरी 2026 में विजेताओं की घोषणा की जाएगी।
कैसे करें भागीदारी
देश के सभी विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र इसमें भाग ले सकते हैं। प्रत्येक विद्यालय से 3 से 5 छात्रों की टीम बनाई जाएगी। विद्यालयों को टीमों की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है। शिक्षक छात्रों को पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता करेंगे। पंजीकरण के लिए आधिकारिक पोर्टल vbb.mic.gov.in पर जाना होगा। प्रत्येक टीम को चार मुख्य विषयों — आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत — में से एक का चयन कर समस्या की पहचान कर समाधान तैयार करना होगा। टीमों को 2 से 5 मिनट का वीडियो बनाना होगा जिसमें वे अपने नवाचार का विवरण प्रस्तुत करेंगी।

मेंटरशिप और समावेशी भागीदारी
कार्यक्रम में मेंटर ऑफ चेंज नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर, उच्च शिक्षा संस्थानों और कॉर्पोरेट्स के विशेषज्ञ छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। विशेष ध्यान आकांक्षी जिलों, जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों के विद्यालयों पर दिया जाएगा ताकि देश के हर कोने से नवाचार को बढ़ावा मिल सके।

1000 करोड़ रुपये का पुरस्कार कोष
इस बिल्डथॉन के तहत कुल 1000 करोड़ रुपये का पुरस्कार समूह घोषित किया गया है। राष्ट्रीय स्तर के 10 विजेताओं, 100 राज्य स्तरीय और 1000 जिला स्तरीय विजेताओं को कुल 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। विजेता टीमों को उनके नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए दीर्घकालिक मेंटरशिप, संसाधन और कॉर्पोरेट सहायता भी दी जाएगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रयास
विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 न केवल छात्रों में रचनात्मकता और समस्या समाधान की भावना को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उस लक्ष्य को भी साकार करेगा जिसमें छात्रों को व्यावहारिक और नवाचार-आधारित शिक्षा प्रदान करने पर बल दिया गया है। यह आयोजन युवाओं को भविष्य के आत्मनिर्भर भारत के निर्माता बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।