लाल किले से 7 अक्टूबर को निकलेगी 72वीं महर्षि वाल्मीकि शोभा यात्रा, सीएम रेखा गुप्ता करेंगी शिरकत

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06 October 2025): आदि कवि महर्षि वाल्मीकि, जिन्होंने पवित्र रामायण की रचना कर मानवता को धर्म, करुणा और सत्य का अमूल्य संदेश दिया, उनके प्रकाटोत्सव के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य 72वीं महर्षि वाल्मीकि शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समिति (पंजी.) दिल्ली प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। शोभा यात्रा का शुभारंभ मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को लाल किला स्थित मधोदास पार्क से किया जाएगा, जो आगे बढ़कर भगवान वाल्मीकि मंदिर, मंदिर मार्ग, पंचकुइंया रोड, नई दिल्ली तक पहुंचेगी।

इस शोभा यात्रा की परंपरा 72 वर्षों से निरंतर जारी है और यह दिल्ली के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जीवन का एक गौरवशाली प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु, संत-महात्मा, समाजसेवी और सांस्कृतिक दल इसमें भाग लेंगे। यात्रा से पूर्व सांस्कृतिक संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति झांकियाँ, बैंड प्रस्तुतियाँ और पारंपरिक संगीत कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. जी. बालकृष्णन विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। आयोजन की अध्यक्षता चौधरी मनीष पारचा, अध्यक्ष, महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समिति (पंजी.) दिल्ली प्रदेश द्वारा की जाएगी।

इस अवसर पर अपने संदेश में न्यायमूर्ति के. जी. बालकृष्णन ने कहा, “भगवान वाल्मीकि का धर्म, करुणा और समानता का संदेश आज भी मानवता के मार्गदर्शन का स्रोत है। यह शोभा यात्रा भारत की उस आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है, जो समाज को एक सूत्र में बाँधती है।”

कार्यक्रम के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी वरिष्ठ समाजसेवी चौ. पं. दुर्गादास और किशन लाल सिनंदी निभा रहे हैं। आयोजन की व्यवस्था और समन्वय का कार्य समिति की टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सचिन गौड़ (चेयरमैन), मदन रुखड़ (संयोजक), अनिल सिनंदी (महासचिव), गौरव पहलवान (कोषाध्यक्ष), रोहित दिलौड़ (प्रबंधक), विक्की प्रेमी (प्रवक्ता), करण पारचा (समन्वयक), अजय पारचा (कार्यकारी अध्यक्ष) और अंशुल रुकार (उपाध्यक्ष) शामिल हैं।

समिति अध्यक्ष चौधरी मनीष पारचा ने कहा, “महर्षि वाल्मीकि शोभा यात्रा हमारी आस्था, समानता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सात दशकों से अधिक समय से यह यात्रा भगवान वाल्मीकि जी के सत्य, करुणा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचा रही है।”

महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समिति (पंजी.) दिल्ली प्रदेश ने मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस पवित्र आयोजन में सम्मिलित होने का हार्दिक आमंत्रण दिया है। यह शोभा यात्रा न केवल भक्ति और श्रद्धा का पर्व है, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक समरसता, एकता और परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।