Election Commission Press Conference: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Bihar News (05/10/2025): बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) ने कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि बिहार हमेशा से लोकतंत्र की दिशा तय करने वाला राज्य रहा है, जैसे वैशाली ने विश्व को गणतंत्र की राह दिखाई थी, वैसे ही अब बिहार मतदाता सूची के शुद्धिकरण और चुनावी पारदर्शिता के क्षेत्र में देश को नई दिशा दिखा रहा है।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि हाल ही में राज्य में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इस प्रक्रिया में 90,217 बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) ने असाधारण परिश्रम किया और अपने बूथों की सूचियों को त्रुटिरहित बनाया। आयोग ने इन सभी अधिकारियों को ‘बूथ लेवल योद्धा’ बताते हुए सम्मानित किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अब देशभर में इसी मॉडल को अपनाया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बिहार के मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए कहा, “जिस तरह बिहार छठ पूजा जैसे लोकपर्व को श्रद्धा और उत्साह से मनाता है, उसी प्रकार लोकतंत्र के इस महापर्व में भी बढ़-चढ़कर भाग लें, मतदान करें और अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।”

चुनाव आयोग की टीम ने बिहार में दो दिनों तक लगातार समीक्षा बैठकें कीं। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, जिलाधिकारियों (DMs), पुलिस अधीक्षकों (SPs), DIGs, IGs, एनफोर्समेंट एजेंसियों और मुख्य सचिवों के साथ विस्तृत बातचीत की गई। साथ ही, मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद कुंज्याल, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और CAPF प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स पर गहन चर्चा हुई।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार चुनाव प्रशिक्षण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पहली बार बूथ लेवल एजेंट्स की ट्रेनिंग दिल्ली में आयोजित की गई, जो अब पूरे देश के लिए एक मानक बनेगी। अब तक 900 से अधिक नोडल अधिकारियों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसके साथ ही, पुलिस अधिकारियों को भी एकीकृत प्रशिक्षण मॉडल के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया है।

इस बार चुनाव आयोग ने 17 नई पहलें बिहार से शुरू करने का निर्णय लिया है। इनमें सबसे प्रमुख है ‘वन स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म – ECI नेट’, जिसके माध्यम से सभी चुनाव संबंधी सेवाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। मतदाता सूची, उम्मीदवारों की जानकारी, मतदान केंद्र का विवरण और परिणामों से जुड़ी जानकारियाँ अब ऑनलाइन आसानी से मिल सकेंगी।

आयोग ने यह भी घोषणा की कि किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे, ताकि लंबी कतारों से बचा जा सके। साथ ही, मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा करने की सुविधा और फोटो आईडी वाले BLO कार्ड की व्यवस्था भी की जाएगी।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि अब से सभी चुनावों में 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग लागू की जाएगी। उम्मीदवारों की पहचान के लिए मतपत्र पर रंगीन फोटोग्राफ और बड़े फॉन्ट में सीरियल नंबर दिए जाएंगे। VVPAT और EVM में किसी भी विसंगति की स्थिति में संबंधित मतदान केंद्र की संपूर्ण VVPAT पर्चियों की गिनती अनिवार्य होगी।

पोस्टल बैलेट प्रक्रिया में भी सुधार किया गया है। अब इसकी गिनती EVM के अंतिम दो राउंड से पहले पूरी की जाएगी। इसके अलावा, डिजिटल इंडेक्स कार्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी से जुड़े आंकड़े चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद सार्वजनिक किए जा सकेंगे।

अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार न केवल देश को मतदाता सूची शुद्धिकरण का मॉडल दे रहा है, बल्कि लोकतंत्र में नई जागरूकता का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने कहा, “यह चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का महापर्व है। बिहार से जो शुरुआत हो रही है, वही आने वाले वर्षों में भारत के चुनावी ढांचे को नया स्वरूप देगी।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।