पूर्वांचलियों को बांग्लादेशी-रोहिंग्या कहकर भाजपा कर रही वोट कटवाने की साजिश: संजय सिंह

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 जनवरी, 2025): आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों को बांग्लादेशी और रोहिंग्या बताकर उनके वोट कटवाने की साजिश कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा ने दिल्ली के शाहदरा, जनकपुरी, तुगलकाबाद, करावल नगर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में हजारों वोट कटवाने के लिए आवेदन दिए हैं।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने शाहदरा में 11,000, जनकपुरी में 4,874, तुगलकाबाद में 2,435, और करावल नगर में 3,260 वोट कटवाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूर्वांचल के लोगों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं।

संजय सिंह ने कहा, “दिल्ली में 30-40 सालों से रह रहे पूर्वांचल के लोग जिन्होंने अपनी मेहनत से इस शहर को बनाया, भाजपा उनके वोट काटकर चुनाव जीतने की साजिश कर रही है। लेकिन हम भाजपा को ऐसा नहीं करने देंगे।”

उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा ने उनकी पत्नी अनीता सिंह का वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया है, यह आरोप लगाते हुए कि उनका सुल्तानपुर में भी वोट है। उन्होंने सुल्तानपुर की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि वहां सिर्फ उनके माता-पिता का नाम है।

संजय सिंह ने भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की हर साजिश का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा, “भाजपा का मकसद पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करके उनका वोट कटवाना है। लेकिन आम आदमी पार्टी दिल्ली के हर एक पूर्वांचली के साथ खड़ी है और उनका हक नहीं छीने जाने देगी।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।