प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर शरीफ के लिए भेजी चादर, हिंदू सेना ने जताई नाराजगी!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (3 जनवरी 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अजमेर शरीफ दरगाह के लिए चादर भेजा। यह चादर उर्स के मौके पर दरगाह पर चढ़ाई जाएगी।
चादर भेजे जाने पर दरगाह प्रमुख नसीरुद्दीन चिश्ती ने कहा कि यह उन लोगों के लिए करारा जवाब है जो पिछले पांच महीने से अजमेर शरीफ को मंदिर- मस्जिद का मुद्दा बनाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि भारत में सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अवसर पर सरकार का धर्मनिरपेक्ष रूप भी उभरकर सामने आया है।

आपको बता दें कि पीएम मोदी द्वारा भेजे गए इस चादर को केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू उर्स के मौके पर अजमेर शरीफ दरगाह को सौंपेंगे।

वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय हिंदू सेना ने पीएम मोदी द्वारा चादर भेजे जाने एतराज जताया है। हिंदु सेना का कहना है कि जब तक मामला कोर्ट में है तब तक चादर भेजे जाने संबंधी कार्यक्रम को स्थगित कर देना चाहिए। आपको बता दें कि पिछले दिनों हिंदू सेना के प्रमुख विष्णु गुप्ता ने अजमेर शरीफ दरगाह को लेकर अजमेर के एक न्यायालय में याचिका दायर की थी। हिंदू सेना का कहना है कि वर्तमान अजमेर शरीफ दरगाह शिव मंदिर के अवशेष पर बनाया गया है। हिंदू सेना द्वारा दायर किए गए इस याचिका को अजमेर की कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।

इस प्रकरण पर कटाक्ष करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “क्या भाजपा सच में बदल रही है? पहले दिल्ली में इमामों की तनख्वाह की मांग कर रहे थे, अब दरगाह में चादर चढ़ा रहे हैं.”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।