दिल्ली के स्कूलों में RSS का इतिहास पढ़ाना खतरनाक : देवेंद्र यादव, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (03 अक्टूबर 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा के नाम पर अपने एजेंडे को थोपने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लागू की जा रही राष्ट्रनीति शिक्षा योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को आरएसएस का इतिहास पढ़ाने की तैयारी की जा रही है, जो स्वतंत्रता संग्राम और संविधान की भावना के साथ न्याय नहीं करती।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आजादी से 22 वर्ष पहले स्थापित आरएसएस का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा, इसके बावजूद भाजपा इसकी विचारधारा को छात्रों पर थोपकर उनकी सोच को सीमित करना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारी और देशप्रेम की शिक्षा आरएसएस के इतिहास से मिलेगी या फिर यह कदम उन्हें संकीर्ण मानसिकता में बांध देगा?
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा 300 वर्षों के स्वतंत्रता संघर्ष और संविधान में निहित ज्ञान की उपेक्षा करके केवल आरएसएस के 22 वर्षों के इतिहास को प्रमुखता देना चाहती है। उन्होंने कहा कि 18 सितम्बर 2025 को भारत मंडपम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिस राष्ट्रनीति शिक्षा नीति को “नमो विद्या उत्सव” के तहत शुरू किया, वह लोकतंत्र की संस्थाओं – विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका – के संतुलन को कमजोर करने वाली है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा विशेषज्ञों और इतिहासकारों ने कभी स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस की भूमिका को महत्व नहीं दिया। इसके विपरीत, संगठन पर अंग्रेजों और सामंती शक्तियों के हित साधने का आरोप रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक भारत को धार्मिक स्वरूप देने और समानता-सामाजिकता को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए खतरनाक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि स्कूलों में आरएसएस का इतिहास पढ़ाना दिल्ली के बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को बर्बाद कर देगा। इस नीति से युवा सीमित सोच में बंध जाएंगे और राष्ट्र के विकास की गति रुकने का खतरा होगा। उन्होंने कहा कि “युवा मस्तिष्क को प्रारंभिक वर्षों में खतरनाक कथा परोसना देश की सबसे विनाशकारी रणनीति होगी।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि देश आरएसएस की विचारधारा पर चलता तो आईआईटी, आईआईएम, एम्स और इसरो जैसे संस्थान कभी अस्तित्व में नहीं आते। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शिक्षा और विज्ञान को आगे बढ़ाकर देश को विकास की राह पर डाला, जिसका लाभ आज विश्व स्तर पर भारत के युवा दिला रहे हैं।
देवेंद्र यादव ने आरएसएस पर गांधी जी की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप दोहराया और कहा कि गांधी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करके यह संगठन अपनी खोई हुई विश्वसनीयता वापस नहीं पा सकता। उन्होंने याद दिलाया कि आरएसएस ने 51 वर्षों तक अपने मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया और 1948 में गांधी हत्या के बाद सरदार पटेल को इस संगठन पर प्रतिबंध लगाना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि आरएसएस का इतिहास “देश के विभाजन और विनाश का इतिहास” है और भाजपा सरकार द्वारा इसे स्कूली शिक्षा का हिस्सा बनाना लोकतांत्रिक भारत की मूल भावना पर हमला है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।