NOIDA News (04/10/2025): नोएडा के भंगेल गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। किराए के मकान के तीसरे माले पर गैस सिलेंडर में रिसाव से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मकान मालिक हरिमोहन व्यास (55), उनकी पत्नी राजकुमारी (50) और तीन बेटे सचिन (25), शिवम (22) और हिमांशु (19) गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए परिवार को धुएं और आग से बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाकर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पांचों का इलाज चल रहा है और हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुक्रवार रात अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि हरिमोहन का मकान धुएं से घिरा हुआ है और तीसरी मंजिल से आग की लपटें उठ रही हैं। लोग बिना देरी किए मकान के भीतर घुसे और किचन से आग से झुलसे परिजनों को बाहर निकाला। घटना के समय पहली और दूसरी मंजिल पर भी कुछ लोग मौजूद थे, जो शोर सुनते ही सुरक्षित बाहर आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग हरकत में आ गए। करीब 12 मिनट के भीतर दमकल की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद चार और गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुट गईं। टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा दी। इस दौरान आसपास की इमारतों में आग फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की गई।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, तीसरी मंजिल पर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। दमकल विभाग के सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि, प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण सिलेंडर लीक पाया गया है।
इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आग लगने के दौरान हर तरफ अफरातफरी मच गई थी। लोग अपनी-अपनी छतों और घरों से निकलकर सड़क पर आ गए थे। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम समय रहते पहुंच गई, अन्यथा नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर बड़ी चेतावनी है। विशेषज्ञ भी समय-समय पर सिलेंडर पाइप की जांच और गैस लीकेज का परीक्षण करने की सलाह देते हैं। यदि समय रहते रिसाव का पता चल पाता, तो यह दुर्घटना टल सकती थी। भंगेल गांव की इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि घरेलू लापरवाही कभी-कभी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। फिलहाल पूरा मोहल्ला परिवार के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।