ग्रेटर नोएडा कालीबाड़ी में भक्ति, संस्कृति और उल्लास से महा नवमी का पर्व सम्पन्न
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (02/10/2025): शारदीय नवरात्रि के अवसर पर ग्रेटर नोएडा शारदीय सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित ग्रेटर नोएडा कालीबाड़ी दुर्गापूजा का महा नवमी उत्सव मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के बीच उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ। सुबह से ही पूजा पंडाल में भक्तों का तांता लगा रहा।
दिन का शुभारंभ नवमी पूजा और पुष्पांजलि से हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा के चरणों में आस्था अर्पित की। इसके साथ ही बच्चों के लिए आयोजित पारंपरिक शंखध्वनि प्रतियोगिता ने वातावरण को और भी ऊर्जा व उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान समिति ने पूर्व संयुक्त निदेशक, सीबीआई एवं अर्बन ग्रेटर नोएडा के प्रथम निवासी श्री शांतनु सेन तथा उनकी पत्नी सुनन्दा सेन को विशेष सम्मान प्रदान किया। आयोजन समिति के अनुसार, सेन दंपत्ति का कालीबाड़ी दुर्गापूजा से वर्षों पुराना जुड़ाव है और वे इसके संरक्षकों में गिने जाते हैं।

शाम होते ही संध्या आरती और महिलाओं द्वारा प्रस्तुत धुनुची नृत्य ने भक्तिमय माहौल को और गहरा कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रदीप्तो भट्टाचार्य और उनके बैंड ग्रुप ने संगीत की मनमोहक धुनों से श्रोताओं को झूमने पर विवश किया। वहीं, सुचित्रिता दास भट्टाचार्य की नृत्य प्रस्तुति ‘दुर्गतिनाशिनी’ दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महा नवमी की शाम का सबसे बहुप्रतीक्षित और प्रभावशाली क्षण था लोकप्रिय बंगाली गायक प्रणय मजुमदार का गीत-संगीत। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति और उमंग से सराबोर कर दिया।

समिति के महासचिव देबोकी घोषाल ने बताया कि, दशमी के दिन प्रातः 10 बजे सिंदूर खेला का आयोजन होगा। इसके बाद धुनुची नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और दोपहर में प्रतिमा विसर्जन के साथ समारोह का समापन किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा कालीबाड़ी में महा नवमी का यह उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रदर्शन भी रहा। इस उल्लासमयी माहौल ने दशमी के भव्य समापन की पृष्ठभूमि तैयार कर दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।