1 अक्टूबर से ईएफटीए देशों के साथ FTA होगा प्रभावी : केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल | UPITS 2025
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29 September 2025): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो के समापन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) देशों—आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड—के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए), जिसे मार्च 2024 में अंतिम रूप दिया गया था, 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि भारत पहले ही संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के साथ ऐसे समझौते कर चुका है और अमेरिका, यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड, ओमान, पेरू और चिली के साथ भी वार्ता चल रही है। कतर और बहरीन ने भी इस दिशा में रुचि दिखाई है, जबकि यूरेशिया के साथ विचारार्थ विषयों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
पीयूष गोयल ने बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 700 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। हाल ही में हुए जीएसटी सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि के अवसर पर देश को रूपांतरकारी सुधार का उपहार दिया है, जो स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद का सबसे बड़ा सुधार है और आने वाले दशकों तक इसका सकारात्मक असर महसूस किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2014 में नाजुक अर्थव्यवस्था से शुरुआत कर भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले दो वर्षों में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ तीसरा स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में मुद्रास्फीति मात्र 2 प्रतिशत है—जो एक दशक में सबसे कम है—जबकि पिछली तिमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई। बैंकिंग क्षेत्र मज़बूत है और ब्याज दरों में कमी आई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अब पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि समावेशी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उत्तर प्रदेश की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि यह देश का पहला राज्य है जिसने निर्यात संवर्धन मंत्रालय स्थापित किया है। राज्य में खादी, कपास और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिला है। ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) पहल अब 750 से अधिक जिलों तक पहुंच चुकी है और इसके तहत 1200 से ज्यादा उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि देशभर में ‘यूनिटी मॉल’ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें राज्य-विशिष्ट और अंतर-राज्यीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में ऐसे तीन मॉल—लखनऊ, आगरा और वाराणसी में—बनाए जाएंगे। इससे कारीगरों और उद्यमियों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने अवसंरचना विकास में उत्तर प्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि समर्पित माल गलियारा, एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डे, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब, अंतर्देशीय जलमार्ग और कंटेनर डिपो ने राज्य के व्यापार एवं उद्योग इकोसिस्टम को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, स्वदेशी उत्पादों और निर्यातोन्मुखी इकाइयों को एक सशक्त मंच प्रदान किया है।
“वोकल फॉर लोकल” और “लोकल गोज़ ग्लोबल” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए पीयूष गोयल ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की और कहा कि हर उत्पाद में भारतीय श्रमिकों का खून-पसीना शामिल है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी हितधारक यह सुनिश्चित करें कि जीएसटी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचे ताकि सभी वर्गों के लिए समावेशी विकास संभव हो सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।