ग्रेटर नोएडा (2 जनवरी 2024): गुरुवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया, जब एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, और चालक ने अपनी सूझबूझ से खुद को सुरक्षित बचा लिया।
यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे थाना बलदेव क्षेत्र के माइल स्टोन-135 के पास घटी। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से महाराष्ट्र की ओर जा रही प्राइवेट बस में अचानक धुआं निकलने लगा। बस के चालक देवदास ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क के किनारे रोका। हालांकि, कुछ ही पलों में धुआं आग की भयंकर लपटों में बदल गया। तेज़ी से फैलती आग को देखकर एक्सप्रेसवे पर गुजरने वाले अन्य वाहन भी रुक गए। घबराए राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी और दमकल की टीम जल्द ही मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। बलदेव थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकी सिंह ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बस पूरी तरह खाली थी, और इसे महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
बस चालक देवदास ने घटना के दौरान जो सूझबूझ दिखाई, वह काबिले-तारीफ है। धुआं उठते ही उन्होंने तुरंत बस को किनारे खड़ा कर दिया और आग की चपेट में आने से पहले बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। अगर बस में सवारियां होतीं, तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग सक्रिय हो गए। एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियंत्रित करते हुए स्थिति पर जल्द काबू पाया गया।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।