नई दिल्ली, (02 दिसम्बर 2024): दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की नाकामियों से जनता पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने विशेष रूप से कालका जी क्षेत्र की विधायक आतिशी मार्लेना को निशाने पर लेते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब उनके वादों और दावों पर विश्वास नहीं करती।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चाहे 2022 का नगर निगम चुनाव हो या आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव, दोनों ही चुनावों में कालका जी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार की नाकामी के कारण जनता नाराज है, और इसी वजह से तीनों निगम वार्डों में AAP को पराजय मिली है।
प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल राजनीतिक रूप से हताश हो चुके हैं और उनकी सरकार के पास अब जनता को दिखाने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं बची है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ठंड, अस्पतालों में इलाज की कमी, जलजमाव और बिजली करंट से हो रही मौतों जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब देने में असफल रही है। इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए केजरीवाल अब अपराध की रटी-रटाई बयानबाजी करते हैं, लेकिन जनता अब उनके भाषणों से गुमराह नहीं होगी।
कपूर ने कहा कि हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने कालका जी क्षेत्र में आतिशी के समर्थन में प्रचार किया, लेकिन जनता का उत्साह नदारद था। उन्होंने दावा किया कि कालका जी की जनता आतिशी से पूरी तरह निराश है और अब वह आम आदमी पार्टी को नकार चुकी है।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि सिर्फ कालका जी ही नहीं, बल्कि तुगलकाबाद, संगम विहार, देवली, अंबेडकर नगर, ग्रेटर कैलाश, मालवीय नगर और कस्तूरबा नगर की जनता भी आम आदमी पार्टी से नाराज है और आगामी चुनावों में AAP को नकारने का मन बना चुकी है। प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी अब कितनी भी भटकाव की राजनीति कर लें, लेकिन जनता अब उनके झूठे वादों में फंसने वाली नहीं है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।