जनकपुर की शहनाइयों से अयोध्या के वनगमन तक अद्भुत मंचन | श्री धार्मिक रामलीला कमेटी

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (28/09/2025): श्री धार्मिक रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित रामलीला मंचन के चौथे दिन का कार्यक्रम अत्यंत भावुक और भव्य रहा। गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा-निर्देशन तथा अध्यक्ष आनंद भाटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस मंचन में माता सीता का स्वयंवर, भगवान श्रीराम का विवाह तथा अयोध्या से वनगमन जैसे प्रसंगों का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा और विशेष अतिथि राजगुरु बीकानेर स्टेट विमर्शानंद गिरी महाराज, मठाधीश श्री लालेश्वर महादेव रहे।

स्वयंवर से विवाह तक का भव्य चित्रण

मंचन की शुरुआत जनकपुरी में माता सीता के स्वयंवर से हुई। नाट्य मंचन में दिखाया गया कि किस प्रकार दुनिया भर के राजा-महाराजा शिवधनुष तोड़ने में असफल रहे। जब सभी वीर निराश हो गए, तब महर्षि विश्वामित्र के कहने पर भगवान श्रीराम ने धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई और वह खंड-खंड हो गया। इस दृश्य ने पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजा दिया।

इसके बाद भगवान परशुराम का प्रकट होना और उनका क्रोध शांत होने का प्रसंग भी जीवंत ढंग से मंचित किया गया। मंचन में दिखाया गया कि कैसे भगवान परशुराम ने श्रीराम के स्वरूप को पहचाना और माता सीता संग उनके विवाह को आशीर्वाद देकर विदा हुए।

जनकपुर में विवाह और अयोध्या में हर्षोल्लास

राम-सीता विवाह के साथ-साथ चारों भाइयों का विवाह जनकपुर में एक साथ सम्पन्न हुआ। विवाह दृश्य को अत्यंत दिव्य और भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। मंचन में जनकपुर की विदाई का दृश्य इतना मार्मिक था कि दर्शकों की आँखें नम हो गईं। इसके साथ ही अयोध्या में बारातियों का स्वागत, नगर की सजावट और विविध व्यंजनों की व्यवस्था ने उत्सव का माहौल और प्रफुल्लित बना दिया।

राज्याभिषेक की घोषणा और वनगमन का प्रसंग

मंचन का भावनात्मक चरम उस समय आया जब महाराज दशरथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा की। लेकिन मंथरा के बहकावे में आकर माता कैकई द्वारा मांगे गए दो वरदानों के कारण यह खुशी पलभर में शोक में बदल गई। मंचन में दिखाया गया कि माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ श्रीराम का वनगमन कितना करुणामय क्षण था। अयोध्यावासियों का अपने प्रिय राम के प्रति प्रेम देखकर दर्शकों की आँखों से आँसू बह निकले।

सीख और संदेश

आज के मंचन से यह शिक्षा मिली कि किसी के बहकावे में आकर लिया गया निर्णय पूरे जीवन को प्रभावित कर सकता है और परिवार को संकट में डाल सकता है। इस अवसर पर संस्थापक गोस्वामी सुशील जी महाराज, संस्थापक एडवोकेट राजकुमार नागर, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता, संरक्षक सुशील नागर, धीरेंद्र भाटी सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्ष आनंद भाटी ने सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।