रूस की 29 कंपनियां UPITS में कर रही शिरकत, निवेश को मिलेगा बढ़ावा: राकेश सचान, MSME मंत्री, यूपी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida (26/09/2025): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (Uttar Pradesh International Trade Show) का शानदार आयोजन जारी है। दुनियाभर के व्यापारी कारोबारी और खरीदार इस ट्रेड शो में शिरकत कर रहे हैं। इस बार रूस ने पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया है।
उत्तर प्रदेश के MSME मंत्री राकेश सचान (Rakesh Sachan) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र है और हर संकट की घड़ी में उसने भारत का साथ दिया है। उन्होंने इसे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने वाला कदम बताया।
डेलिगेशन मीटिंग में गहन चर्चा
मंत्री राकेश सचान ने जानकारी दी कि आयोजन के दौरान रूस के प्रतिनिधिमंडल और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों व उद्योग से जुड़े संस्थानों के बीच दो घंटे से अधिक समय तक गहन बातचीत हुई। इसमें MSME, हस्तशिल्प, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और निवेश को लेकर कई अहम सहमतियां बनीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने भी रूस और जापान के डेलिगेट्स से मुलाकात कर उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों से अवगत कराया।
29 रूसी कंपनियों की सक्रिय भागीदारी
इस ट्रेड शो में रूस की 29 कंपनियां पांच दिनों तक मौजूद रहेंगी। ये कंपनियां B2B मीटिंग्स के जरिए उत्तर प्रदेश के MSME, हस्तशिल्प और ओडीओपी से जुड़े उद्यमियों के साथ गहन बातचीत करेंगी। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि इस भागीदारी से न केवल व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे बल्कि बड़े निवेश की संभावना भी मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रूस से उत्तर प्रदेश में बड़ा औद्योगिक निवेश देखने को मिलेगा।
झांसी में विकसित हो रहा विशाल लैंड बैंक
औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने झांसी में एक विशाल लैंड बैंक विकसित करने का निर्णय लिया है। बीड़ा (Bundelkhand Industrial Development Authority) के तहत अब तक 21,000 एकड़ भूमि खरीदी जा चुकी है और अगले छह महीनों में 52,000 एकड़ भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य है। यहां उद्योगों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, आवासीय परिसरों और एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा ताकि बड़े उद्यमियों को आकर्षित किया जा सके।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए सुनहरा मौका
मंत्री ने बताया कि झांसी का यह लैंड बैंक महाराष्ट्र सहित कई औद्योगिक इलाकों से जुड़ता है और यहां सड़क, रेल व हवाई मार्ग की सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 35 औद्योगिक नीतियां पास की हैं, जिनके तहत निवेशकों को सस्ती जमीन, कर प्रोत्साहन और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस कदम से उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बनेगा।
रोजगार और प्रशिक्षण की नई संभावनाएं
सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर पैदा करना भी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 100 एकड़ भूमि पर औद्योगिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां MSME और श्रम सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण केंद्र एक ही छत के नीचे काम करेंगे। इससे युवाओं को न केवल कौशल विकास मिलेगा बल्कि रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। यह प्रयास उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और वैश्विक निवेश मानचित्र पर अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोर्ट में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का शानदार आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन बृहस्पतिवार 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।