National News (25 September 2025): राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 26 सितंबर 2025 को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार (एनजीए) 2024 प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी और कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे भी उपस्थित रहेंगे।
भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा स्थापित यह पुरस्कार 1966 से भूविज्ञान के क्षेत्र में देश का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। 2009 तक इसे राष्ट्रीय खनिज पुरस्कार के नाम से जाना जाता था। इस सम्मान का उद्देश्य खनिज की खोज एवं अन्वेषण, खनन प्रौद्योगिकी, खनिज संवर्धन और मौलिक/अनुप्रयुक्त भूविज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों और टीमों को सम्मानित करना है।
मंत्रालय को वर्ष 2024 के लिए तीनों श्रेणियों—आजीवन उपलब्धि, राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार और राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार—में कुल 208 नामांकन प्राप्त हुए थे। कठोर तीन-स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद 12 पुरस्कारों को अंतिम रूप दिया गया है, जिनमें 9 व्यक्तिगत और 3 टीम पुरस्कार शामिल हैं। ये 12 पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा कुल 20 भूवैज्ञानिकों को प्रदान किए जाएंगे।
आजीवन उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार 2024 वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) और आईआईएसईआर पुणे के विजिटिंग प्रोफेसर प्रोफेसर श्याम सुंदर राय को भूविज्ञान में उनके अनुकरणीय करियर और योगदान के लिए दिया जाएगा। वहीं, राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार 2024 भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के वरिष्ठ भूविज्ञानी श्री सुशोभन नियोगी को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार 2024 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशेषज्ञों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें खनिज खोज एवं अन्वेषण श्रेणी में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की तीन टीमों को सम्मान मिलेगा। वहीं, खनन प्रौद्योगिकी और सतत खनिज विकास श्रेणी में सीएसआईआर-सीएमएफआरआई, धनबाद के डॉ. जय कृष्ण पांडे और सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला, जमशेदपुर के डॉ. रणजीत कुमार सिंह को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मूल भूविज्ञान श्रेणी में सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान, विशाखापत्तनम के डॉ. वेदुला वेंकट सुब्रह्मण्य श्रीनिवास सरमा और सीएसआईआर-राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद के डॉ. मेकला राम मोहन को सम्मानित किया जाएगा। अनुप्रयुक्त भूविज्ञान श्रेणी में कश्मीर विश्वविद्यालय के प्रो. गुलाम जिलानी, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रो. संजीत कुमार पाल और आईआईटी रुड़की के प्रो. मुकट लाल शर्मा को पुरस्कार मिलेगा।
इस समारोह में देश भर से प्रख्यात भूवैज्ञानिक, वैज्ञानिक, विद्वान, नीति-निर्माता और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल भूविज्ञान क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करेगा बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।