UPITS 2025 उद्घाटन समारोह: पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर दिया जोर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (25/09/2025): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (Uttar Pradesh International Trade Show 2025) का शानदार आयोजन होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन आज यानी बृहस्पतिवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तमाम गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर दुनिया भर से आए उद्यमियों, निवेशकों, निर्यातकों और उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक और व्यापारिक पहचान को स्थापित करेगा, इस बार 2200 से अधिक निर्यातक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। रूस हमारे इस UPITS का कंट्री पार्टनर के रूप में शामिल हुआ है। यह साझेदारी भारत की वैश्विक व्यापार यात्रा को और मजबूती प्रदान करेगी।

1. पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अंत्योदय का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि आज की तिथि खास है, क्योंकि यह अंत्योदय के महानायक की जयंती है। अंत्योदय का अर्थ है समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना। पीएम मोदी ने कहा कि यही सच्चे अर्थों में न्यायपूर्ण और समान विकास की नींव है। उन्होंने इसे भारत के लिए प्रेरणा और दिशा देने वाला विचार बताया।

2. भारत के डिजिटल प्लेटफॉर्म ने किया समावेशी विकास को संभव

मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया के जरिए भारत ने समावेशी विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। यूपीआई जैसे प्लेटफॉर्म ने गरीब से गरीब और अमीर से अमीर तक को जोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि मॉल में खरीदारी करने वाला भी यूपीआई का उपयोग करता है और सड़क किनारे चाय बेचने वाला भी। पीएम स्वनिधि योजना ने छोटे विक्रेताओं तक औपचारिक क्रेडिट पहुंचाकर उनकी आर्थिक स्थिति बदली है। यही समावेशी और न्यायपूर्ण विकास की असली तस्वीर है।

3. सरकारी खरीद में छोटे कारोबारियों की बड़ी भागीदारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी क्रांति बन चुका है। पहले सरकारी खरीद में बड़े उद्योग ही शामिल होते थे, लेकिन अब छोटे दुकानदार और व्यापारी भी सरकार को सामान बेच पा रहे हैं। अब तक GeM के जरिए 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का सामान और सेवाएं खरीदी जा चुकी हैं। इनमें से लगभग 7 लाख करोड़ रुपये एमएसएमई और लघु उद्योगों से खरीदे गए हैं। उन्होंने कहा कि यही वास्तविक अंत्योदय और आर्थिक सशक्तिकरण है।

4. 2047 तक विकसित भारत का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने 2047 तक विकसित देश बनने का संकल्प लिया है। दुनिया में अस्थिरता और अनिश्चितता के बावजूद भारत की विकास दर आकर्षक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह समय भारत की नींव को और मजबूत करने का है। आत्मनिर्भर भारत का मंत्र इसी दिशा में सबसे बड़ा साधन है। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे अपने बिजनेस मॉडल को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ढालें।

5. ‘मेक इन इंडिया’ और क्वालिटी पर बल

आगे पीएम ने कहा कि सरकार ‘मेक इन इंडिया’ और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करना चाहिए। देशवासी अब गर्व से स्वदेशी उत्पाद खरीदना चाहते हैं और यही भारत की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी की यह भावना देश को लंबे समय तक मजबूत बनाएगी। क्वालिटी के प्रति प्रतिबद्धता ही भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी।

6. रिसर्च और इनोवेशन में निवेश बढ़ाने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि इनोवेशन के बिना दुनिया ठहर जाती है और विकास की रफ्तार रुक जाती है। उन्होंने निजी क्षेत्र से आग्रह किया कि वह रिसर्च और डेवलपमेंट में अधिक निवेश करे। उन्होंने कहा कि भारत को स्वदेशी रिसर्च, डिजाइन और डेवलपमेंट का अपना मजबूत सिस्टम बनाना होगा। यह समय की मांग है कि निजी और सार्वजनिक क्षेत्र मिलकर इनोवेशन को बढ़ावा दें। पीएम मोदी ने कहा कि भारत का भविष्य इसी पर आधारित है।

7. यूपी की कनेक्टिविटी और संभावनाओं पर प्रकाश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज कनेक्टिविटी के मामले में देश में सबसे आगे है। प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। इससे लॉजिस्टिक्स कॉस्ट काफी कम हुआ है और उद्योग जगत को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यूपी में औद्योगिक निवेश के लिए अद्भुत संभावनाएं हैं। पर्यटन से लेकर उद्योग और स्टार्टअप्स तक हर क्षेत्र में प्रदेश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

8. इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र में यूपी की भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है और इसमें यूपी की भूमिका सबसे बड़ी है। देश में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें से 55% यूपी में तैयार होते हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने वाला है। साथ ही रूस के सहयोग से यूपी में AK-203 राइफल का उत्पादन भी होगा। डिफेंस कॉरिडोर के जरिए ब्रह्मोस मिसाइल समेत कई हथियारों का उत्पादन भी शुरू हो चुका है।

9. GST सुधारों से कारोबारियों को राहत

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि 2014 से पहले टैक्स व्यवस्था जटिल और बोझिल थी। जीएसटी लागू होने के बाद कारोबार करना आसान हुआ है और टैक्स का बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से कारोबारियों को तेजी से रिफंड मिलेगा और विवाद घटेंगे। उन्होंने कहा कि पहले ₹1000 की वस्तु पर ₹170 टैक्स लगता था, लेकिन आज यह केवल ₹35 रह गया है। इससे आम जनता और कारोबारियों दोनों को बड़ी राहत मिली है।

10. पीएम मोदी ने उद्यमियों से किया आह्वान

पीएम मोदी ने कहा कि भारत के पास सुधारों की ताकत, राजनीतिक स्थिरता और विशाल युवा वर्कफोर्स है। यह भारत को दुनिया का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बनाता है। उन्होंने कहा कि भारत और विशेषकर उत्तर प्रदेश में निवेश करना सभी उद्यमियों के लिए लाभदायक सौदा है। यहां एमएसएमई का मजबूत नेटवर्क है और सरकार हर कदम पर सहयोग कर रही है। पीएम मोदी ने सभी निवेशकों को यूपी में उद्योग लगाने का आह्वान किया और शुभकामनाएं दीं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।