“स्वस्‍थ नारी, सशक्‍त परिवार” : पीएम मोदी ने धार से किया महाअभियान का शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क
National News (17 September 2025): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले धार से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ (एसएनएसपी) अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “हमारी माताएं और बहनें, हमारी नारी शक्ति ही राष्ट्र प्रगति की आधारशिला हैं। मां स्वस्थ होगी तो पूरा परिवार स्वस्थ रहेगा। यह अभियान हमारी माताओं और बहनों के स्वस्थ भविष्य को समर्पित है।”

यह महाअभियान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से देश का अब तक का सबसे बड़ा महिला एवं बाल स्वास्थ्य अभियान है। 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 10 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं और बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, रोगों की समय रहते पहचान, उपचार की सुविधा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि “नारी शक्ति विकसित भारत का प्रमुख स्तंभ है और ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में महाअभियान है।” उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे कैंसर, एनीमिया, टीबी और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अवश्य कराएं। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक करोड़वां सिकल सेल कार्ड भी प्रदान किया और बताया कि राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया मिशन के अंतर्गत अब तक 5 करोड़ से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे और उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं तथा धार जैसे आदिवासी क्षेत्र से इन योजनाओं का शुभारंभ होना गौरव की बात है।

देशभर में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय एवं राज्य मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठनों ने भाग लिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने हरियाणा से स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रातप राव जाधव मुंबई से और अनुप्रिया पटेल दिल्ली से जुड़े।

अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दैनिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र, कान-नाक-गला, दंत, त्वचा एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एम्स, रक्षा और रेलवे अस्पताल, ईएसआईसी, सीजीएचएस केंद्रों सहित कई निजी अस्पताल भी इस प्रयास से जुड़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) और शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) में कमी लाना है। इसी उद्देश्य से 2017 में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शुरू की गई थी, जिसके अंतर्गत अब तक 4.5 करोड़ गर्भवती महिलाओं को ₹19,000 करोड़ से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में दी जा चुकी है।

प्रधानमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि इस अभियान में सभी जांच और दवाएं निःशुल्क होंगी तथा जिन्हें आगे के उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें आयुष्मान भारत कार्ड के ‘सुरक्षा कवच’ से लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं ताकि कोई भी मां या बेटी पीछे न छूटे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।