केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली को दी बड़ी सौगात, 1723 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (17 September 2025): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली सरकार की लगभग 1723 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अमित शाह ने कहा कि जब से प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश का नेतृत्व संभाला है, तब से उनके जन्मदिवस को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। पिछले 11 वर्षों से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सफाई, गरीब कल्याण और विकास की कई योजनाओं की शुरुआत की जाती है। इसी क्रम में आज दिल्ली में भी 17 जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने 11 साल में 60 करोड़ गरीबों को प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराईं और 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कभी दिल्ली के साथ भेदभाव नहीं किया, जबकि पूर्ववर्ती सरकारें योजनाओं को लागू करने में भेदभाव करती थीं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने वाली योजना को दिल्ली की पिछली सरकार ने लागू नहीं किया था।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश को सुरक्षित, आर्थिक रूप से विकसित और गरीबों को सुविधा संपन्न बनाने का कार्य किया है। उन्होंने याद दिलाया कि मोदी जी के कार्यकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ मंदिर का नवनिर्माण, करतारपुर साहिब कॉरिडोर और धारा 370 हटाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 24 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में कभी छुट्टी नहीं ली और देश की सेवा में लगातार कार्यरत रहे, जिसके परिणामस्वरूप भारत विश्व की 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना और 2027 तक तीसरे स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य है।
दिल्ली में आज नरेला-बवाना वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और ओखला प्लांट की शुरुआत हुई, जिनसे प्रतिदिन 5 हज़ार मीट्रिक टन कचरे से बिजली का उत्पादन होगा। शाह ने कहा कि यह दिल्ली के बड़े-बड़े कूड़े के पहाड़ों से निजात दिलाकर ग्रीन एनर्जी और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देगा। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने आम आदमी के उपयोग की 395 वस्तुओं पर कर को या तो शून्य या 5 प्रतिशत तक सीमित कर दिया है।
गृह मंत्री ने आह्वान किया कि अब समय आ गया है कि भारत का हर नागरिक स्वदेश में निर्मित वस्तुएं खरीदने का संकल्प ले, तभी एक समृद्ध भारत का निर्माण संभव होगा। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” निकालने वाले नेता घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं। शाह ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शुद्ध करना और घुसपैठियों को हटाना मोदी सरकार का संकल्प है और उनकी पार्टी इसका पूरा समर्थन करती है।
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने देशवासियों को 2047 तक भारत को विश्व में सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के जीवन से हर युवा को प्रेरणा लेकर सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलना चाहिए ताकि एक सुरक्षित, विकसित और समृद्ध भारत का निर्माण हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।