स्वच्छता ही सेवा 2025 : त्योहारों संग स्वच्छता का संकल्प, 25 सितम्बर को राष्ट्रव्यापी श्रमदान

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (15 September 2025): पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ स्वच्छता ही सेवा (SHS) 2025 का आगाज़ 17 सितम्बर से होने जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित यह 15 दिवसीय अभियान 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक चलेगा और नागरिकों को सामूहिक स्वच्छता कार्रवाई के लिए प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम (31 अगस्त 2025) में कहा था, “जहां स्वच्छता है, वहां त्योहारों का आनंद और बढ़ जाता है।” इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष अभियान का विशेष फोकस स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTUs) पर रहेगा, जिनमें अंधेरे, गंदे और उपेक्षित स्थान शामिल हैं।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कर्टेन रेज़र कार्यक्रम में बताया कि 2024 में 8 लाख से अधिक CTUs को उपयोगी सार्वजनिक स्थलों में बदला गया था। इस बार भी शहरों द्वारा डार्क स्पॉट्स, कूड़े के ढेर, रेलवे स्टेशन, नदियों के किनारे, बंजर भूमि और गंदगी वाले स्थानों की पहचान कर उनका रूपांतरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली की भलस्वा डंपसाइट को गोद लेने की घोषणा करते हुए 17 सितम्बर को वहां प्रशासकों संग दौरा कर सफाई अभियान शुरू करने की बात कही।

केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह अभियान “स्वच्छोत्सव” थीम के तहत चलाया जाएगा, जिसमें उत्सव और जिम्मेदारी दोनों को जोड़ा गया है। उन्होंने CTU रूपांतरण, सफाईमित्र सुरक्षा, ODF प्लस और स्वच्छ सुजल गांव घोषणाओं को अंत्योदय से सर्वोदय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पाटिल ने सूरत और नवसारी के लिए 8-10 करोड़ रुपये का सफाईमित्र सुरक्षा कोष घोषित किया, जिसका उपयोग सफाईकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, शिक्षा और ब्याजमुक्त ऋण जैसी सुविधाओं के लिए होगा।

स्वच्छोत्सव 2025 को 5 प्रमुख स्तंभों पर आधारित किया गया है

1. CTUs का रूपांतरण – कठिन, अंधेरे और उपेक्षित स्थलों का सुधार।

2. स्वच्छ सार्वजनिक स्थल – आम स्थानों की नियमित सफाई और स्वच्छता।

3. सफाईमित्र सुरक्षा शिविर – सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण और कल्याण।

4. स्वच्छ हरित उत्सव – पर्यावरण अनुकूल और जीरो वेस्ट वाले त्योहार।

5. स्वच्छता जन-जागरूकता – ग्रामीण भारत में ODF प्लस मॉडल और स्वच्छ सुजल गांव पर जोर।

अभियान के अंतर्गत 25 सितम्बर 2025 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” नामक राष्ट्रव्यापी स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्लॉगिंग, सफाई अभियान और श्रमदान गतिविधियों में नागरिक, राजनीतिक नेतृत्व, युवा समूह, एनजीओ, राजदूत और समाज के अन्य वर्ग सक्रिय भागीदारी करेंगे। साथ ही स्थानीय सफाईकर्मियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।

तैयारियों के लिए 3 से 12 सितम्बर तक विभिन्न स्तरों पर मंत्रियों, राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और मंत्रालयों के बीच बैठकें आयोजित की गईं। इसका उद्देश्य राज्य, जिला और स्थानीय निकायों तक बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाना है।

त्योहारों की खुशियों के बीच स्वच्छता ही सेवा 2025 देश को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य की दिशा में एकजुट करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।