ग्रेटर नोएडा पुलिस का नशा विरोधी अभियान, 4 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (31 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा पुलिस ने नए साल के मौके पर अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस का कहना है कि नए साल के जश्न के दौरान नशीले पदार्थों की मांग बढ़ने की संभावना रहती है, जिससे तस्कर इन्हें नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे क्षेत्रों में बेचने की कोशिश करते हैं। इस अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर अरशद (26), जो बुलंदशहर का निवासी है, को बिरयानी पुलिया के पास से पकड़ा गया। उसके पास से 4 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह खेप नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में सप्लाई के लिए लाई गई थी।
नोएडा पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि आरोपी अरशद के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के कई थानों में पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह पहली बार नहीं है जब ग्रेटर नोएडा में नशे के कारोबार से जुड़ी कार्रवाई हुई है। करीब एक महीने पहले ग्रेटर नोएडा पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने एक संयुक्त अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जो अपने अपार्टमेंट में हाई-टेक उपकरणों और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर गांजे की खेती कर रहा था।
पुलिस ने बताया था कि आरोपी इस ‘प्रीमियम गांजे’ की सप्लाई डार्क वेब के जरिए करता था। यह मामला क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर एक गंभीर समस्या को उजागर करता है। ग्रेटर नोएडा पुलिस का यह नया अभियान न केवल तस्करी पर लगाम लगाने की कोशिश है, बल्कि नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश भी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।