दोस्त का विवाद सुलझाने गए क्रेन चालक की मौत!, 6 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (14/09/2025): दनकौर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एशियन पेंट कॉलोनी में एक युवक की जान विवाद सुलझाने की कोशिश में चली गई। मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई है, जो क्रेन चालक के रूप में काम करता था।

परिजनों के अनुसार, बीते गुरुवार की रात को केशव के दोस्त का पड़ोस के ही एक युवक से विवाद हो गया था। बात बढ़ती देख केशव अपने भतीजे के साथ मौके पर पहुंचकर झगड़े को शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल केशव को जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन तक इलाज चलने के बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई।

मृतक के पिता वीरेंद्र ने कहा कि उनका बेटा केवल विवाद शांत कराने गया था, लेकिन विरोधी पक्ष ने उसे ही निशाना बना लिया। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घटना के बाद दनकौर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मनीष, मनोज, सोनू, सचिन उर्फ नटराज, दीपक उर्फ मोगली और मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी उसी कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दोनों पक्षों के एक ही मोहल्ले से होने के कारण क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना आपसी रंजिश का नतीजा हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।