दिल्ली चुनाव को लेकर ट्रेड वेलफेयर एसोसिएशन के रंजीत भसीन ने कहा, विकास और रोजगार हैं असली मुद्दे
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (30 दिसंबर 2024): दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टेन न्यूज़ की विशेष कवरेज में शहर के नागरिकों और विशेषज्ञों से उनकी राय जानने का सिलसिला जारी है। जनता के मुद्दों और राजनीतिक परिदृश्य को समझते हुए टेन न्यूज़ ने विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों और समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इसी कड़ी में ट्रेड वेलफेयर एसोसिएशन के रंजीत भसीन ने दिल्ली में विकास कार्यों और राजनीतिक दलों की रणनीतियों पर अपनी बेबाक राय साझा की।
रंजीत भसीन का बयान:
रंजीत भसीन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में कुछ काम तो हुआ है, लेकिन कई बुनियादी समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, “हमारे इलाके में सिवर लाइन की समस्या बहुत पुरानी है। यहां कई बड़े रेस्टोरेंट और बाजार बन गए हैं, लेकिन सिवर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। इससे गंदगी और परेशानी बढ़ रही है। हमने सरकार से कई बार इस समस्या को हल करने की अपील की है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।”
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले योजनाओं की घोषणा करना केवल राजनीतिक पैंतरा है। उन्होंने कहा, “पिछले 10 साल में काम करने का समय था, लेकिन अब चुनाव से एक महीने पहले घोषणाएं की जा रही हैं। विकास को ही चुनाव का आधार बनना चाहिए, और विकास पर ही वोट दिया जाना चाहिए। फ्री चीजों की लालच आम आदमी को निकम्मा बना रही है। राजनीतिक दलों को रोजगार और विकास पर काम करने की जरूरत है।”
भसीन ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी राय साझा करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि इस बार कांग्रेस में सुधार दिखेगा और वह अच्छी सीटें हासिल करेगी। साथ ही, भाजपा को दिल्ली में सरकार बनाते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने भले ही दिल्ली को छोड़ दिया था, लेकिन अब उनकी मेहनत साफ नजर आ रही है। जिस तरह कांग्रेस तैयारी कर रही है, वह भी दिल्ली में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।”
रंजीत भसीन ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली की जनता को अब फ्री योजनाओं से ऊपर उठकर वास्तविक विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
टिप्पणियाँ बंद हैं।