डीसीपी ऑफिस के बाहर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (29 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने डीसीपी ऑफिस के गेट पर नकली पिस्टल के साथ रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में युवक को डीसीपी ऑफिस के बाहर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराते हुए देखा गया। पुलिस ने वीडियो के वायरल होते ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गुप्त सूचना की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई।जांच में पता चला कि युवक के हाथ में असली पिस्तौल नहीं, बल्कि पिस्तौल की तरह दिखने वाला एक लाइटर था। आरोपी ने इसे लेकर रील बनाई और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। पुलिस ने वह लाइटर भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान वारिस पुत्र रईस के रूप में की, जो इकोटेक 1 थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह रील बनाई थी। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलाती हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।