नई दिल्ली (29 दिसंबर 2024): दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने विजन और चेहरे को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीजेपी का चेहरा ‘कमल’ है, जो पार्टी के सामूहिक नेतृत्व और विकास की सोच का प्रतीक है।
सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और वसूली के चेहरों को चुनाव में उतारने वाली पार्टी का असली अभाव चेहरों का है। उन्होंने विशेष रूप से आप उम्मीदवार नरेंद्र वालियां का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वे रंगदारी वसूलने में लिप्त हैं।
सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विजन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनका विजन शराब की दुकानों का विस्तार, भ्रष्टाचार से महल बनाना, रंगबाजी और वसूली को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल के शासन में दिल्ली को खुले में बहते सीवर और गंदे पानी की आपूर्ति जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, जिससे हजारों लोग बीमार हो रहे हैं।
बीजेपी के विजन पर बात करते हुए सचदेवा ने कहा कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को दिल्ली तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पिछले दस वर्षों में पूरे देश में विकास की बयार बह रही है, उसी प्रकार दिल्ली में भी इसे लागू किया जाएगा।
बीजेपी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि पार्टी का कोई एक चेहरा नहीं होगा। सभी 70 उम्मीदवार ‘कमल का फूल’ लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। सचदेवा ने कहा कि बीजेपी का चेहरा उसका विकासशील विजन और सामूहिक नेतृत्व है।
इस प्रकार, बीजेपी ने अपने विजन को विकास और स्वच्छ प्रशासन पर केंद्रित रखते हुए आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगामी चुनावों में दिल्ली की जनता किसके विजन पर भरोसा जताती है, यह देखने वाली बात होगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।