प्रोफेसर वी. एस. नेगी बने DUTA अध्यक्ष, 84% मतदान में दर्ज हुई जोरदार भागीदारी

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (05 September 2025): नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (NDTF) के प्रोफेसर वी. एस. नेगी दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (DUTA) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने 3,366 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) के प्रोफेसर रजिब रे को 2,728 और एकेडमिक्स फॉर एक्शन एंड डेवलपमेंट दिल्ली टीचर्स एसोसिएशन (AADTA) के प्रोफेसर राजेश के. झा को 1,420 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में प्रोफेसर कमलेश कुमार रघुवंशी (451), संदीप (14) और प्रोफेसर संजय मोहन मराले (10) शामिल रहे।

कुल 9,861 शिक्षकों में से 8,221 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें से 7,989 मत वैध और 232 मत अमान्य घोषित किए गए। इस प्रकार मतदान प्रतिशत 84 रहा, जो 2023 के 85.85 प्रतिशत से थोड़ा कम है। मतदान गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आर्ट्स फैकल्टी और सत्यकाम भवन में बनाए गए 32 बूथों पर हुआ।

डीयूटीए चुनाव में अध्यक्ष पद के साथ-साथ 15 कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन हुआ। 25 प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में अकांक्षा खुराना ने सर्वाधिक 9,576 मत पाकर पहला स्थान हासिल किया। उनके बाद क्रमशः रमनंद सिंह (9,192), मनीष कुमार (7,372), साक्षी यादव (6,612), दिनेश कटारिया (6,439), अमित सिंह (6,388), बिमलेन्दु (6,081), संजय कुमार (5,862), बिश्वजीत मोहंती (5,658), छोटूराम मीणा (5,632), भूपेंद्र सिंह (5,338), यश यादव (5,283), वी. एस. दीक्षित (5,238), देवेंद्र के. राणा (4,521) और धनराज मीणा (3,949) विजेता बने।

डीयूटीए के द्विवार्षिक चुनाव दिल्ली विश्वविद्यालय की शैक्षणिक नीतियों और दिशा तय करने में अहम माने जाते हैं। इस वर्ष का चुनावी अभियान स्थायी नियुक्तियों, अस्थायी शिक्षकों के नियमितीकरण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन और शैक्षणिक सुधारों जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहा।

मतदान केंद्रों के बाहर समर्थक शिक्षकों को पर्चे बांटते दिखे और मतदाताओं से पक्ष में मतदान की अपील करते रहे। वहीं, शिक्षक समूहों के बीच चुनावी मुद्दों पर गहन चर्चाएं होती रहीं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में भी NDTF के ही प्रोफेसर अजय कुमार भागी डीयूटीए अध्यक्ष चुने गए थे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।