यमुना में बढ़ते जलस्तर के बीच सभी रेगुलेटर ड्रेन्स बंद, अब क्या होगा?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04/09/2025): दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और संभावित अधिक बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में मौजूद सभी 13 रेगुलेटर ड्रेन्स को बंद कर दिया गया है ताकि नदी का पानी निचले इलाकों में वापस न घुस सके। इन नालों के मुहानों पर रेत से भरे बोरे रख दिए गए हैं। इनमें मैग्जीन रोड, पुराना चंद्रावल, खैबर पास, मेटकॉफ हाउस, कुदसिया घाट, विजय घाट, टोंगा स्टैंड, सिविल मिलिट्री, दिल्ली गेट, सेन नर्सिंग होम, नाला संख्या 12-ए, नाला संख्या 14 और रेगुलेटर नंबर 2800 शामिल हैं।

संवेदनशील इलाकों को किया गया चिह्नित

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और संबंधित एजेंसियों ने दिल्ली के कई हिस्सों को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है। इनमें आईटीओ, कश्मीरी गेट, राजघाट, वासुदेव घाट, कुदसिया घाट, यमुना बैंक और आंतरिक रिंग रोड के कुछ हिस्से शामिल हैं। ये इलाके यमुना नदी के बेहद करीब हैं और यहां बाढ़ का खतरा सबसे अधिक है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में निगरानी और तैयारी के स्तर को और मजबूत किया है।

आपदा प्रबंधन के लिए तैनाती

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीडब्ल्यूडी ने एहतियाती कदम के रूप में नालों के मुहानों पर बालू के बोरे रखकर बैरिकेडिंग की है। इसके साथ ही, 32 नावें, 89 मोबाइल पंप और 18 स्थायी जल पंपिंग स्टेशन सक्रिय कर दिए गए हैं ताकि आपात स्थिति में जल निकासी और राहत कार्य तेजी से किए जा सकें। अधिकारियों का कहना है कि अगर यमुना का जलस्तर और बढ़ा तो हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

जलभराव से बिगड़ सकते हैं हालात

अधिकारियों ने बताया कि रेगुलेटर ड्रेन्स सामान्यत: वर्षा जल की निकासी के लिए उपयोग होते हैं, लेकिन इन्हें बंद करने के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी बाहर निकालने में अधिक समय लग रहा है। इससे शहर के निचले हिस्सों में ट्रैफिक और स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील इलाकों की ओर न जाने की अपील की है।

गौरतलब है कि 2023 में जब यमुना का जलस्तर ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा था, तब नदी किनारे के कई इलाके कई दिनों तक जलमग्न रहे थे। उस समय रेगुलेटर ड्रेन्स के रास्ते पानी शहर के अंदर तक घुस आया था। इस बार प्रशासन ने पहले ही कदम उठाकर हालात पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की है। हालांकि, जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो स्थिति को संभालना एक बड़ी चुनौती बन सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।