New Delhi News (04/09/2025): दिल्ली का पॉश इलाका सिविल लाइंस भी अब यमुना की बाढ़ की चपेट में आ गया है। बेला रोड पर पानी का स्तर इतना बढ़ गया है कि कई मकान पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं के आवास इस इलाके में स्थित हैं, जिससे हालात को लेकर प्रशासन और ज्यादा सतर्क हो गया है। अगर जलस्तर और बढ़ा, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
गाड़ियां डूबीं, सड़कें बनीं नदियां
बेला रोड और आसपास की सड़कों पर पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है। कई गाड़ियां आधी डूब गईं, जबकि कुछ पूरी तरह बह गईं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग अपनी गाड़ियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पानी का प्रवाह उनकी मेहनत पर भारी पड़ रहा है। कश्मीरी गेट और मोनेस्ट्री मार्केट में भी दो से तीन फीट तक पानी भर गया है, जिससे वाहन चालक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
63 साल का रिकॉर्ड तोड़ती यमुना
यमुना नदी ने गुरुवार सुबह नया रिकॉर्ड बना दिया। खतरे का निशान 205.33 मीटर है, जबकि जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया। यह 2010 और 2013 के बाद तीसरा सबसे ऊंचा स्तर है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे 1.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसने दिल्ली के हालात और बिगाड़ दिए हैं। निगमबोध घाट की दीवार टूटने से हालात और गंभीर हो गए हैं।
सचिवालय और धार्मिक स्थल भी डूबे
मुख्यमंत्री और मंत्रियों के दफ्तर स्थित दिल्ली सचिवालय में भी पानी घुस गया है। रिंग रोड पर गाड़ियां आधी डूबकर चल रही हैं और जाम की स्थिति बनी हुई है। सिविल लाइंस में स्वामी नारायण मंदिर और कश्मीरी गेट के पास श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। श्रद्धालु इसे पवित्र मानकर ‘हनुमान जी का स्नान’ बता रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
राहत शिविरों पर भी संकट
मयूर विहार फेज-1 और वासुदेव घाट जैसे निचले इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। यहां तक कि प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविर भी जलमग्न हो गए हैं। गीता कॉलोनी और यमुना बाजार जैसे इलाके पूरी तरह पानी में डूबे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वोट के समय तो नेता आते हैं, लेकिन संकट की इस घड़ी में कोई मदद करने नहीं पहुंचा। लोग प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द से जल्द पानी घटे और सामान्य स्थिति बहाल हो सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।