ISKCON Creators Summit : भारतीय संस्कृति और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रभावशाली लोगों का अद्भुत संगम

टेन न्यूज नेटवर्क

NEW DELHI News (03/09/2025): इस्कॉन ने 2 सितंबर 2025 को दिल्ली के ज़ोरा कन्वेंशन सेंटर में “संस्कृति और कल्याण का प्रसार” विषय पर ISKCON Creators Summit 2025 का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल दुनिया के कंटेंट क्रिएटर्स को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन कल्याण जैसे मूल्यों को युवा पीढ़ी तक आधुनिक और आकर्षक तरीके से पहुँचाने के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से जेनरेशन-Z को अपनी जड़ों से जोड़ने और उन्हें एक सकारात्मक, उद्देश्यपूर्ण जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

करीब 500 पंजीकृत क्रिएटर्स की भागीदारी के साथ यह समिट भारत के सबसे बड़े सांस्कृतिक और डिजिटल प्रभावशाली सम्मेलनों में से एक बन गया। इस आयोजन में करोड़ों फॉलोअर्स रखने वाले प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर्स जैसे कि फैज़ल खान (खान सर), अलख पांडे (फिजिक्स वाला), आनंद कुमार (सुपर 30), डॉ. विवेक बिंद्रा, सोनू शर्मा, हिमेश मदान, अमन धत्तारवाल, रणबीर अल्लाबादिया, शशिश कुमार तिवारी और अन्य कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। इन सभी प्रभावशाली लोगों ने इस्कॉन के मार्गदर्शकों के साथ मिलकर यह संदेश दिया कि डिजिटल जगत में ईमानदारी और उद्देश्य के साथ कैसे सकारात्मक प्रभाव डाला जा सकता है।

पैनल चर्चाएं, व्याख्यान और कीर्तन

समिट में सोशल मीडिया पर सक्रिय प्रमुख क्रिएटर्स के बीच पैनल चर्चाएं, इस्कॉन के वरिष्ठ साधु युधिष्ठिर गोविंददास के प्रेरणादायक व्याख्यान, और दिन की शुरुआत में हुआ कीर्तन इस आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव थे। इसके साथ ही, दिल्ली सरकार के पर्यटन, संस्कृति, कानून, रोजगार एवं श्रम मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और क्रिएटर्स को उनके सकारात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया।

डिजिटल युग में संस्कृति का संवाहक

इस्कॉन इंडिया के ट्रस्टी और कंट्री डायरेक्टर युधिष्ठिर गोविंद दास ने कहा, डिजिटल प्लेटफॉर्म आज विचारों को आकार देने और समाज को प्रभावित करने का अत्यंत शक्तिशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे समय में, भारतीय संस्कृति और जीवनशैली को विश्व के सामने प्रस्तुत करने की आवश्यकता और भी अधिक हो गई है। जब समाज नशा, पर्यावरणीय संकट और मूल्यहीनता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, तो हमें अपने सांस्कृतिक खजाने को प्रभावी और सुलभ रूप में प्रस्तुत करना होगा। ISKCON Creators Summit इसी दिशा में एक प्रयास है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन के ज़रिए क्रिएटर्स को कार्यशालाओं, चर्चाओं, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मार्गदर्शन के माध्यम से एक मंच मिला, जहाँ वे अपनी रचनात्मकता का उपयोग कर पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक माध्यमों में प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रतिष्ठित क्रिएटर्स को मिला सम्मान

समिट में आरजे रौनक, ऋषभ शुक्ला, रंजन अरोड़ा, दीपक गर्ग, नितेश सोनी, श्रीवर्णा रावत, अनंत लड्डा, आरती खेतरपाल और यतींदर सिंह जैसे कई बड़े डिजिटल प्रभावशाली लोग उपस्थित रहे।

इस्कॉन ने विशेष पुरस्कारों के माध्यम से क्रिएटर्स को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया:

जिनके पास 5 से 10 मिलियन फॉलोअर्स थे, उन्हें “Impact with Responsibility” अवार्ड दिया गया।

जिनके 10 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स थे, उन्हें “Great Impact with Responsibility” सम्मान से नवाजा गया।

कुछ क्रिएटर्स को “Ambassadors of Culture and Wellness” की उपाधि दी गई।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

समिट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और अन्य आत्मघाती प्रवृत्तियों से दूर एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर ले जाना था। वक्ताओं ने बताया कि हर वर्ष लाखों लोगों की जान नशे के कारण जाती है — जैसे 1.5 लाख लोग तंबाकू से, 2.5 लाख शराब से, और कोविड से ज्यादा लोग आत्महत्या से जान गंवाते हैं।
क्रिएटर्स ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीवन की कठिनाइयों में भी आध्यात्मिकता, ध्यान, सकारात्मक सोच और सादगी कैसे एक मार्गदर्शक की भूमिका निभा सकते हैं।

नेताओं के संदेश

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा, यदि डिजिटल क्रिएटर्स भारतीय संस्कृति और वैदिक ज्ञान को प्रामाणिकता के साथ प्रस्तुत करें, तो इससे न केवल युवाओं को ताकत मिलेगी बल्कि यह भारत की सॉफ्ट पावर और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पारंपरिक ज्ञान में तनाव और मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं के समाधान पहले से मौजूद हैं — आवश्यकता केवल उन्हें समझने और सही माध्यमों से प्रस्तुत करने की है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का प्रेरणादायक भाषण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, कार्यक्रम का शानदार संचालन धीरेंद्र सिंह ने किया। यह देखकर गर्व होता है कि ISKCON के मिशन से इतनी बड़ी वर्कफ़ोर्स जुड़ी हुई है। देशभक्ति केवल सीमा पर लड़ने से नहीं होती, बल्कि समाज की बुराइयों के विरुद्ध लड़कर भी होती है। उन्होंने समाज की गिरती नैतिकता पर चिंता जताते हुए कहा कि “जब एक नेता प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता को गाली देता है, तो यह हमारे समाज की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए युवाओं से आग्रह किया कि जैसे अर्जुन को धर्म के लिए खड़ा होना पड़ा, वैसे ही आज के युवाओं को भी सही के लिए आवाज उठानी चाहिए।

कार्यक्रम का समापन उन्होंने “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ किया।

कार्यक्रम के अंत में ISKCON के गुरुओं ने कहा, पैसे से गाड़ी खरीदी जा सकती है, लेकिन संस्कार नहीं। धन खोने से कुछ नहीं जाता, पर चरित्र खोने से सब कुछ चला जाता है। लड़ाई बंदूक से नहीं, बल्कि कलम और आवाज़ से भी लड़ी जा सकती है — बशर्ते वो आवाज़ दिल से निकले।

इस ऐतिहासिक समिट के ज़रिए ISKCON ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक आंदोलन की शुरुआत है — जहां क्रिएटर्स अपने प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए समाज में सकारात्मक बदलाव और नशा-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आगे आएंगे।

 

ISKCON Creators Summit 2025 | Influencers Unite to Promote Indian Culture, Wellness | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।