बदरपुर खादर में कांग्रेस का दौरा, देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02/09/2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव (Devendra Yadav) ने आज पूर्वी दिल्ली के बदरपुर खादर क्षेत्र का दौरा किया और वहां बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए कहा कि पूरा बदरपुर गांव और आसपास की कॉलोनियां पानी में डूब चुकी हैं। हथिनी कुंड से लगातार छोड़े जा रहे लाखों क्यूसेक पानी के चलते यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। उन्होंने इस संकट के लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

यादव ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने बिना किसी ठोस रणनीति के लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह विफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार सरकार को आगाह करती रही कि हरियाणा से सीमित मात्रा में पानी छोड़ा जाए, लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं की गई। नतीजा यह है कि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और उनके घर, आजीविका और जिंदगी खतरे में है।

इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, भीष्म शर्मा, जिला अध्यक्ष आदेश भारद्वाज, राजकुमार जैन समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित इलाकों में घूमकर हालात का आकलन किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। यादव ने कहा कि प्रभावित लोग अपनी सुरक्षा के लिए खुद इंतजाम करने को मजबूर हैं, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। राहत और बचाव कार्यों की कोई ठोस कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हुई है।

देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल दिखावे के लिए चुनिंदा स्थानों पर राहत शिविर लगा रही है, जबकि वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद नहीं पहुंच रही। उन्होंने कहा कि खादर क्षेत्र और निचले इलाकों के हजारों लोग अब भी बिना किसी सरकारी सहायता के बाढ़ से जूझ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत राहत सामग्री और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की योजना बनाए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि बदरपुर खादर इलाके में यदि पुश्ता बनाया जाए तो हर साल बाढ़ से यहां के लोगों को बचाया जा सकता है। लेकिन प्रशासनिक नाकामी और सरकार की उदासीनता के कारण लोग हर बार इसी संकट से जूझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं है बल्कि सरकार की लापरवाही का नतीजा है, जिसने समय पर राहत और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए।

देवेंद्र यादव ने यमुना किनारे बसे लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं क्योंकि सरकार से किसी ठोस मदद की उम्मीद फिलहाल नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संकट की घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद करेगी। यादव ने भाजपा सरकार की निष्क्रियता को दिल्ली डूबने का सबसे बड़ा कारण बताया और कहा कि जिम्मेदारी तय करने का समय अब आ गया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।